सम्राट चौधरी का एनकाउंटर पर बड़ा बयान, बोले- ‘पुलिस जाति पूछकर ही गोली चलाए’

KNEWS DESK – Samrat Choudhary ने बिहार में लगातार हो रहे पुलिस एनकाउंटर और उस पर उठ रहे सवालों के बीच बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर लोग जाति देखकर एनकाउंटर की बात कर रहे हैं, तो “पुलिस जाति पूछकर ही गोली चलाए।” उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।

दरअसल पिछले कुछ दिनों में बिहार के कई जिलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। पटना, सीवान, किशनगंज और समस्तीपुर समेत कई जगहों पर पुलिस कार्रवाई हुई है। इन एनकाउंटर को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि कार्रवाई में जातीय पक्षपात किया जा रहा है।

इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “कुछ लोग आजकल पूछ रहे हैं कि पुलिस एनकाउंटर करती है तो उसमें जाति भी देखनी चाहिए। मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा कि पूछो… जाति पूछकर ही गोली चलाओ। मतलब लोग किस तरह का कॉमन सेंस इस्तेमाल कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि बिहार को सुशासन के लिए जाना जाना चाहिए और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सम्राट चौधरी ने पुलिस को सख्त संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है, तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैंने बिहार पुलिस से कहा है कि अगर कोई पुलिस को चैलेंज करता है तो ज्यादा देर मत कीजिए, 48 घंटे के अंदर कार्रवाई कीजिए। पुलिस सुशासन और सख्ती के लिए होती है। अपराधी किसी भी हालत में बचना नहीं चाहिए।”

हालांकि अपने बयान में सम्राट चौधरी ने किसी विपक्षी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा Tejashwi Yadav की ओर था। दरअसल कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनकाउंटर की घटनाओं पर सवाल उठाए थे।

तेजस्वी यादव ने कहा था कि सरकार विशेष जाति के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि जिन मामलों का उन्होंने जिक्र किया है, उनमें शामिल लोगों पर कार्रवाई कब होगी। उनके बयान के बाद बिहार की राजनीति में एनकाउंटर और जाति को लेकर विवाद और तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *