कानपुर एक्सप्रेस के S-1 कोच पर अराजक तत्वों ने किया पथराव, एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

KNEWS DESK– कानपुर एक्सप्रेस में मंगलवार रात जूही आउटर केबिन के पास अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। घटना में एस-1 कोच के एक दर्जन से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार के बीच संचालित कानपुर एक्सप्रेस (14153) का संचालन 19 नवंबर 2026 से शुरू हुआ है। मंगलवार रात ट्रेन जूही आउटर केबिन के पास धीमी हुई। इसी दौरान वहां पहले से खड़े एक युवक ने एस-1 कोच में चढ़ने की कोशिश की। रात का समय होने के कारण यात्रियों ने उसे संदिग्ध समझकर अंदर आने से रोक दिया और दरवाजे बंद कर लिए।

आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ ट्रेन के कोच पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से यात्रियों में दहशत फैल गई। लोग बचने के लिए ऊपर की बर्थ पर चले गए और खिड़कियां बंद कर लीं। काफी देर तक यात्री सहमे हुए ऊपर की बर्थ पर ही बैठे रहे।

फफूंद स्टेशन पर मिला प्राथमिक उपचार

जीआरपी मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश की, लेकिन तब तक वे फरार हो चुके थे। घायलों को घटनास्थल से करीब 80 किलोमीटर दूर फफूंद स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिया गया। ट्रेन करीब 21 मिनट की देरी से फफूंद पहुंची, तब तक घायल यात्री दर्द से परेशान रहे।

जीआरपी के दर्ज मुकदमे में तीन घायलों की पुष्टि की गई है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने घायलों और चुटहिल यात्रियों की संख्या एक दर्जन से अधिक बताई है। प्रयागराज रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह के अनुसार, तीन घायल यात्रियों को फफूंद में प्राथमिक उपचार दिया गया।

रेल मदद पर यात्रियों ने मांगी सहायता

लगातार पथराव से सहमे यात्रियों ने रेल मदद के जरिए सहायता मांगी। लाइव लोकेशन के आधार पर शिकायत जीआरपी और आरपीएफ तक पहुंची। इसके बाद दोनों टीमों के जवान मौके पर पहुंचे और यात्रियों की मदद की। जीआरपी सेंट्रल स्टेशन ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *