UPPSC को मिला नया अध्यक्ष, 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह की हुई नियुक्ति

KNEWS DESK– 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी UPPSC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल PAC के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के DG की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जनवरी 2027 में रिटायर होने वाले आलोक सिंह का कार्यकाल 23 जनवरी 2029 तक रहेगा।

UPPSC के अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर 2026 को रिटायर हुए थे। उनके रिटायरमेंट के बाद आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक कुमार वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। नए अध्यक्ष के चयन के लिए कार्मिक विभाग ने अक्टूबर में आवेदन मांगे थे। इस पद के लिए 60 से ज्यादा आवेदन मिलने की बात सामने आई थी। इनमें आलोक सिंह के अलावा हाल ही में रिटायर हुए IAS अधिकारी दीपक कुमार और अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना के नाम भी चर्चा में रहे।

आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश की चारों प्रमुख भर्ती संस्थाओं की कमान अब पुलिस सेवा के अधिकारियों के हाथ में आ गई है। UPSSSC के अध्यक्ष पूर्व DGP सत्यनारायण साबत हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की जिम्मेदारी पूर्व DGP प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष IPS अधिकारी एसबी शिरडकर हैं।

आलोक सिंह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं और अलीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस सेवा में कई अहम पदों पर काम किया है। जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह कानपुर जोन के ADG, मेरठ रेंज के IG तथा कानपुर में SSP और IG के पद पर भी रह चुके हैं।

मई 2026 में आलोक सिंह को DG रैंक पर प्रमोट किया गया था। जनवरी 2027 में उनका रिटायरमेंट होना है। इसके बावजूद उन्हें UPPSC अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *