KNEWS DESK– दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को ब्रह्मस्थानम महोत्सव में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने माता अमृतानंदमयी देवी यानी अम्मा का आशीर्वाद लिया और उनके निःस्वार्थ सेवा भाव तथा मानवता के प्रति समर्पण को नमन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अमृता श्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अम्मा का जीवन सेवा, करुणा और प्रेम का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित किया। उनका सेवा भाव किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संदेश पूरी मानवता के लिए है। कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय और गजेंद्र यादव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अम्मा की शिक्षाएं बताती हैं कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा और उपासना तक सीमित नहीं है। जरूरतमंदों की सहायता करना, उनके दुख को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवा के साथ करुणा जुड़ने पर समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृता श्री कार्यक्रम के माध्यम से 21 राज्यों में 15 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल महिलाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध कराने, छोटे उद्यमों को बढ़ावा देने और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद करेगी।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें सम्मान, अवसर और निर्णय लेने की क्षमता भी मिलनी चाहिए। उन्होंने ब्रह्मस्थानम महोत्सव को आध्यात्मिकता, सेवा और सामाजिक समर्पण का संगम बताया।