इमरान मसूद को मल्लिकार्जुन खरगे की सलाह, ‘सिर्फ बातों के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए’

KNEWS DESK- लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी के सांसद इमरान मसूद के बयान और बोलने के अंदाज पर टिप्पणी करते हुए उन्हें लड़ने के बजाय काम पर ध्यान देने की सलाह दी। मसूद इन दिनों समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर लगातार बयान दे रहे हैं।

खरगे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टेलीविजन पर सुनते हैं, जहां वह बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं। हालांकि, पार्टी नेताओं को सिर्फ बातों के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना ज्यादा मिलकर काम किया जाएगा, उतनी ही तरक्की होगी। खरगे ने कहा कि मसूद संसद में हैं और लगातार पार्टी के लिए लड़ते हैं तथा यह सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं कि पार्टी की बातें सही तरीके से सामने आएं।

खरगे ने कहा कि इमरान मसूद लड़कर अपनी बात मनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन पार्टी नेताओं को बातों के बजाय काम को प्राथमिकता देनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का भी जिक्र किया। खरगे ने अजय कुमार लल्लू की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को बढ़ाने का काम किया।

वहीं अजय राय का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से सीधे टक्कर ली, लेकिन थोड़ी चूक हो गई। उन्होंने कहा कि वरना प्रधानमंत्री आज प्रधानमंत्री नहीं रहते और गुजरात जाकर बैठ जाते। अजय राय कांग्रेस के टिकट पर वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दो बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत चल रही है। दोनों दलों के बीच दो दौर की बैठक हो चुकी है। सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है, जबकि कांग्रेस 100 से अधिक सीटें मांग रही है। इसी बीच सपा ने पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए, जिनमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं। इसे लेकर इमरान मसूद के तेवर और तल्ख हुए और उन्होंने आगे की बातचीत पर विचार करने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *