KNEWS DESK- अमेरिका की राजनीति में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने एक और बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। डेमोक्रेटिक पार्टी के 42 वर्षीय नेता रंजीव पुरी को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का नया स्पीकर चुना गया है। वह इस प्रतिष्ठित पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं।
गुरुवार को स्पीकर चुने जाने के बाद पुरी ने इसे अपने लिए बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि वह सीनेट के नवनिर्वाचित मेजॉरिटी लीडर डैरिन कैमिलेरी और नवनिर्वाचित गवर्नर जोसलिन बेन्सन के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि चुनाव प्रचार के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा किया जा सके। पुरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अपने साथियों द्वारा मिशिगन हाउस का स्पीकर चुना जाना उनके लिए अत्यंत सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा जताने के लिए सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब काम शुरू करने को लेकर वह पूरी तरह उत्साहित हैं।
पंजाबी मूल के अप्रवासी माता-पिता के परिवार में जन्मे पुरी ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि पर माता-पिता के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि जब उनके माता-पिता अमेरिका आए थे, तब उन्होंने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि उनका बेटा एक दिन इतिहास रचेगा और तमाम बाधाओं को तोड़कर मिशिगन हाउस का नेतृत्व करेगा। उन्होंने इसे अमेरिका के असली वादे का उदाहरण बताया।
रंजीव पुरी ने 2008 और 2012 में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव अभियानों में काम किया था। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से MBA किया और मिशिगन लौटकर ऑटोमोटिव उद्योग में काम किया। स्टेट हाउस के तीसरे कार्यकाल के दौरान उन्हें 110 सदस्यीय हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक कॉकस का नेता नियुक्त किया गया।
इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट के कार्यकारी निदेशक चिंतन पटेल ने पुरी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य सेवा और आवास की लागत कम करने के लिए काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुरी दक्षिण एशियाई समुदाय समेत मिशिगन के सभी नागरिकों के अधिकारों और सुरक्षा की मजबूत आवाज बनेंगे।