शरद पवार से अस्पताल में मिले प्रफुल्ल पटेल, 10 नवंबर के बाद क्या होने वाला है बड़ा फैसला?

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के अध्यक्ष शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसी बीच NCP (अजित पवार) के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट और सांसद प्रफुल्ल पटेल ने अस्पताल पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र और देश की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इसमें प्रफुल्ल पटेल की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में हुई हालिया बैठक भी शामिल रही।

Knews Desk- शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों नेता दिवाली के बाद साथ बैठकर चर्चा करने की बात करते नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल से अमित शाह के साथ हुई बैठक के बारे में भी जानकारी ली। यह मुलाकात अजित पवार गुट की गतिविधियों और NCP के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मीडिया से बातचीत में प्रफुल्ल पटेल ने शरद पवार की तबीयत को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले थकान की शिकायत के बाद शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक ले जाया गया था। इसके बाद वह मुंबई आ गए और अब उनकी तबीयत ठीक है। उन्होंने बताया कि साल में एक या दो बार नियमित फुल-बॉडी हेल्थ चेक-अप करवाना जरूरी होता है और इसी सिलसिले में शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि शरद पवार की सेहत अच्छी है और वह अच्छे मूड में थे। उन्होंने बताया कि शरद पवार देश और राज्य की राजनीति में क्या हो रहा है, इसे लेकर लगातार दिलचस्पी रखते हैं। दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई और उम्मीद है कि एक-दो दिन में उनके सभी चेकअप पूरे हो जाएंगे, जिसके बाद वह जल्द घर लौटकर आराम करेंगे।

वायरल वीडियो में शरद पवार कहते सुनाई दे रहे हैं कि दिवाली के दौरान घर वालों के साथ रहना पड़ता है और उन्हें अगले दिन सुबह 10 बजे डिस्चार्ज किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने दिवाली के बाद साथ बैठने की बात कही। जवाब में प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि वह 10 नवंबर के बाद मुंबई में रहेंगे और शरद पवार से पूछा कि कब बैठकर चर्चा करनी है। उन्होंने चर्चा के लिए तैयार होने की बात कही।

दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मुलाकात में किन राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ हुई हालिया बैठक के बारे में भी पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि अमित शाह के साथ बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई और अजित पवार गुट के प्रमुख नेताओं के दिल्ली दौरे के पीछे क्या वजह थी।

दरअसल, सोमवार 2 नवंबर को अजित पवार गुट के छह वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इनमें धनंजय मुंडे, सुनील तटकरे, हसन मुश्रीफ, प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और दिलीप वळसे पाटील शामिल थे। हालांकि, इस बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद पार्टी के नेतृत्व, संगठन और भविष्य को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *