KNEWS DESK– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सेवा, परोपकार, आस्था और सकारात्मकता का संदेश देता है। पीएम मोदी ने कामना की कि पवित्र स्नान, दान और दीपदान की परंपराएं सभी के जीवन में श्रद्धा और सकारात्मकता का संचार करें।
सीएम योगी ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। सीएम योगी ने कार्तिक पूर्णिमा को भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा पवित्र पर्व बताया।
वाराणसी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। अयोध्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया। हरिद्वार में हर की पौड़ी पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
देव दीपावली पर काशी में विशेष आयोजन
देव दीपावली को देवताओं की दीपावली माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवता गंगा स्नान के लिए पृथ्वी पर आते हैं। वाराणसी में इस अवसर पर घाटों को दीपों से सजाया गया और विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
देशभर में धार्मिक आयोजन
हरियाणा के यमुनानगर में कपाल मोचन मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ के स्वर्ण वेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना और स्नान का सिलसिला जारी रहा।