Knews Desk- INDIA गठबंधन के सांसद 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे संसद के संविधान सदन में बैठक करेंगे। ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर विपक्ष लगातार चौथे दिन प्रदर्शन की तैयारी में है। विपक्ष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय भी मांगा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को विपक्षी सांसद लगातार चौथे दिन प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। इससे पहले दोपहर 3 बजे संसद के संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में गठबंधन की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए समय मांगा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए सेवा तीर्थ, राष्ट्रपति भवन, उपराष्ट्रपति आवास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के आवास के आसपास के क्षेत्र संभावित स्थान हो सकते हैं।
इस बीच, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्हें पहले से Z+ सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त कमांडो शामिल किए गए हैं। विपक्ष के पिछले प्रदर्शनों के बाद दिल्ली पुलिस ने तीन एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें पुलिसकर्मियों पर हमले, सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार जैसे आरोप शामिल हैं। इन मामलों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी सामने आए हैं। बुधवार को राहुल गांधी को बैरिकेड खोलने की कोशिश के बाद हिरासत में लिया गया था।
वहीं, बीजेपी ने SIR और ‘वोट चोरी’ को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें इस्तीफा देने की चुनौती दी और उन पर अराजक मानसिकता रखने का आरोप लगाया।