‘किसी दल के साथ नहीं, लोगों के साथ’… दिव्या मित्तल ने किया राजनीति में आने का ऐलान

KNEWS DESK- IAS पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि सीधे लोगों के साथ राजनीति करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वंचित लोगों की आवाज बनना और राजनीति में इरादे, न्याय, फिक्र और सोच को जगह देना है।

दिव्या मित्तल ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने IAS से त्यागपत्र दिया था, जिसके बाद लोगों के मन में कई सवाल थे। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों तक उन्होंने इन सवालों का जवाब नहीं दिया, क्योंकि वह आगे की दिशा तय करने और हौसला जुटाने में लगी थीं। अब उन्होंने साफ किया कि उनका अगला कदम राजनीति है। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभवों का जिक्र करते हुए कई घटनाएं साझा कीं। उन्होंने लहुरिया दह की पहाड़ी पर पानी पहुंचाने के निरीक्षण के दौरान एक महिला से हुई मुलाकात का जिक्र किया, जिसने अपने गांव में पांचवीं कक्षा के बाद बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल की मांग की थी। दिव्या के मुताबिक, स्कूल स्वीकृत होने के बावजूद तीन साल बाद भी उसका निर्माण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि समस्या नियम या पैसे की नहीं, बल्कि इरादे की थी।

दिव्या ने भूमिहीन व्यक्ति को सरकारी जमीन का पट्टा मिलने के बावजूद कब्जा न मिलने का मामला भी बताया। उन्होंने कहा कि संविधान में सबसे ऊपर लोग हैं, इसलिए न्याय के लिए किसी व्यक्ति को अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने चाहिए। उन्होंने सड़क, पुल, गड्ढों, पेपर लीक, युवाओं के भविष्य और AI के कारण रोजगार को लेकर बढ़ती चिंता का भी मुद्दा उठाया। दिव्या ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल नेता बदलना नहीं, बल्कि राजनीति को बदलना होना चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी, क्योंकि यही उनकी कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि वह किसी दल के साथ नहीं, केवल लोगों के साथ राजनीति करेंगी। हालांकि उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगी। तैनाती के दौरान और बाद में मिर्जापुर से सक्रिय रहने के कारण उनके मिर्जापुर से चुनाव लड़ने की चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *