जौहर यूनिवर्सिटी मामले में नया मोड़, आवेदन पर मिलेंगे नक्शे और दस्तावेज

Knews Desk– मुरादाबाद मंडलायुक्त न्यायालय में रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की याचिका पर सुनवाई करते हुए रामपुर जिलाधिकारी कार्यालय को निर्देश दिया है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से विधिवत आवेदन और आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने पर संबंधित नक्शे और दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं

सुनवाई के दौरान यूनिवर्सिटी के अधिवक्ता जुनैद एहजाज ने कोर्ट के सामने कहा कि यूनिवर्सिटी के नक्शे और महत्वपूर्ण दस्तावेज रामपुर जिलाधिकारी कार्यालय में मौजूद हैं। उन्होंने अदालत से इन दस्तावेजों को डीएम कार्यालय से मंगवाने की अपील की।

यूनिवर्सिटी पक्ष का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की छापेमारी के बाद कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब हो गए थे या जब्त कर लिए गए थे और ये दस्तावेज रामपुर प्रशासन के पास सुरक्षित हैं। अधिवक्ता जुनैद एहजाज ने कहा कि उनके पास इस बात के साक्ष्य हैं कि संबंधित नक्शे और दस्तावेज डीएम कार्यालय में मौजूद हैं।

कोर्ट के निर्देश के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन रामपुर प्रशासन के समक्ष औपचारिक आवेदन और आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करेगा। दस्तावेज मिलने के बाद उन्हें अगली सुनवाई में मंडलायुक्त न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

मामले में सरकारी अधिवक्ता दिनेश चौहान ने बताया कि मंडलायुक्त ने रामपुर जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से विधिवत आवेदन आने पर संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *