KNEWS DESK- नीले ड्रम हत्याकांड में फांसी की सजा पा चुकी मुस्कान रस्तोगी अब अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलना चाहती है। बेटी से मिलने की इच्छा जताते हुए उसने जेल प्रशासन को तीन लेटर लिखे हैं, लेकिन अभी तक उसे कोई जवाब नहीं मिला है। मुस्कान के परिजनों ने उससे संबंध रखने और बेटी पीहू को उससे मिलाने से इनकार कर रखा है।
बेटी से मिलने की जताई इच्छा
जानकारी के मुताबिक, 17 मार्च को गिरफ्तारी के बाद जब से मुस्कान जेल में है, तब से उसके परिवार की ओर से कोई भी उससे मिलने नहीं आया है। उसकी बड़ी बेटी पीहू फिलहाल ननिहाल में है। मुस्कान के माता-पिता पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते और न ही पीहू को उससे मिलने देना चाहते हैं। इसी वजह से मुस्कान की ओर से लिखे गए तीन पत्रों पर भी परिजनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
प्रेमी के साथ पति की हत्या का आरोप
मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर 3-4 मार्च की रात पति सौरभ राजपूत की हत्या की थी। आरोप है कि हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से सील कर दिया गया। इसके बाद दोनों शिमला चले गए थे। 17 मार्च को लौटने के बाद मुस्कान ने अपने माता-पिता के सामने अपराध कबूल किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
14 अक्टूबर को सुनाई गई फांसी की सजा
मुस्कान और साहिल को 14 अक्टूबर 2026 को फांसी की सजा सुनाई गई। दोनों ने सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हाईकोर्ट ने केस रिपोर्ट तलब की है और मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी। मुस्कान ने सरकारी वकील लेने के बजाय साहिल के परिवार की ओर से नियुक्त निजी वकील के जरिए केस लड़ने का फैसला किया है।
हत्या वाले मकान का कराया गया शुद्धिकरण
इस बीच, उस मकान का भी शुद्धिकरण कराया गया, जहां सौरभ की हत्या हुई थी। 1 नवंबर को अखिल भारतीय हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचीं। मकान बंद होने के कारण गेट पर संगम का जल छिड़ककर नारियल फोड़ा गया और दीपक-धूप जलाकर मंत्रोच्चारण व आरती के साथ शुद्धिकरण किया गया।