KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ती है। उद्घाटन के दौरान बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
19.7 किलोमीटर लंबी है परियोजना
‘नीतीश सेतु’ एक एक्सट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल है। पूरी परियोजना की लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले में NH-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के NH-322 स्थित बिदुपुर से जोड़ता है।
आवागमन को मिलेगा फायदा
इस परियोजना के शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच संपर्क बेहतर होगा। पुल के जरिए गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन आसान होने के साथ क्षेत्र में कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बिहार के लिए इसे सड़क और परिवहन ढांचे की दिशा में एक अहम परियोजना माना जा रहा है।