पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां, हरिद्वार के चंडी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार, 21 नवंबर 2026 को हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत परिवार के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

माता सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार लाया गया था। अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया और चंडी घाट पहुंचकर अंतिम दर्शन किए। अंतिम संस्कार के दौरान योगी आदित्यनाथ काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और काफी देर तक उनकी चिता को एकटक देखते रहे। इस भावुक क्षण में वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए।

चंडी घाट पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। सभी ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। योग गुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

सावित्री देवी 91 वर्ष की थीं। उनके निधन के बाद पैतृक गांव पंचूर से उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसके साथ ही सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *