न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर आउट हो गए। शतक से सिर्फ दो रन दूर रहे गिल ने WTC में 3000 रन पूरे कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
Knews Desk – न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक यादगार शतक से सिर्फ दो रन दूर रह गए। शानदार लय में बल्लेबाजी कर रहे गिल ने 146 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 98 रन बनाए, लेकिन दिन के आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि, गिल शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एक बड़ा ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
WTC में 3000 रन बनाने वाले पहले भारतीय
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज शुभमन गिल ने तीसरे दिन के तीसरे सेशन में अपने 3000 WTC रन पूरे कर लिए। गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में 3000 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले गिल को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 83 रनों की जरूरत थी। उन्होंने अपनी पारी की 117वीं गेंद पर 83वां रन बनाते ही यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली। गिल ने 43वें WTC मैच की 77वीं पारी में 3000 रन पूरे किए।
टेस्ट करियर में चौथी बार नर्वस 90s का शिकार
जैकब डफी की गेंद पर 98 रन के स्कोर पर आउट होने के साथ शुभमन गिल के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया। यह टेस्ट करियर में चौथा मौका है जब गिल नर्वस 90s का शिकार हुए हैं। वहीं, भारतीय टेस्ट कप्तान के तौर पर यह पहली बार है जब गिल 90 और 100 के बीच आउट हुए हैं।
पिछले 8 सालों में यह पहली बार है जब कोई भारतीय टेस्ट कप्तान नर्वस 90s में आउट हुआ है। गिल से पहले साल 2018 में इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली के साथ ऐसा हुआ था।
मजबूत स्थिति में टीम इंडिया
कप्तान शुभमन गिल के शतक से चूकने के बावजूद तीसरे दिन का खेल भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए टीम इंडिया ने दिनभर शानदार बल्लेबाजी की और स्टंप्स तक 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए।
पहली पारी के आधार पर भारत को अब 118 रनों की मजबूत बढ़त हासिल हो चुकी है। ऐसे में चौथे दिन भारतीय टीम की नजर बढ़त को और मजबूत करने और न्यूजीलैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने पर होगी।