मां स्कंदमाता की आराधना का संदेश, CM योगी बोले- शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज का आधार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप को वात्सल्य, ममता और पोषण की अधिष्ठात्री देवी बताया। उन्होंने कहा कि जब नारीशक्ति स्वस्थ, शिक्षित और समर्थ होती है, तभी राष्ट्र का वर्तमान सुरक्षित और भविष्य उज्ज्वल होता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य, बेटियों की शिक्षा और कल्याण के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।

Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मां स्कंदमाता की आराधना हमें नारीशक्ति के सम्मान, पोषण और सशक्तीकरण का पावन संदेश देती है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बेटियों को संबल देने के बजाय पूर्ववर्ती सरकारें अपने राजनीतिक कुनबे को पोषित करने में व्यस्त थीं। उनके अनुसार, प्रदेश में माताओं का स्वास्थ्य और बेटियों की शिक्षा उपेक्षा एवं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई थी। अस्पतालों की बदहाली, दवाओं की कमी और संस्थागत प्रसव की लचर व्यवस्था के कारण मातृ-शिशु मृत्यु दर चिंताजनक स्थिति में थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया है। पहले सुविधाओं के अभाव में प्रदेश की लाखों बेटियां पढ़ाई छोड़ने को मजबूर थीं, लेकिन अब बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और सुरक्षित मातृत्व तक समग्र सुरक्षा एवं कल्याण का चक्र तैयार किया गया है।

सीएम योगी ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सैचुरेशन 36 प्रतिशत से बढ़कर 96 प्रतिशत से अधिक हो गया है। वहीं, स्कूल ड्रॉपआउट रेट 20 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत से भी कम रह गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से श्रमिक और वंचित वर्ग की बेटियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा, कस्तूरबा बालिका विद्यालयों में कक्षा 12 तक पढ़ाई की सुविधा के विस्तार से बेटियों को अपनी शिक्षा पूरी करने के अवसर मिल रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश उनके आत्मविश्वास और प्रदेश के भविष्य को सशक्त बनाने का निवेश है। उन्होंने मां स्कंदमाता की आराधना के संदेश को नारीशक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तीकरण से जोड़ते हुए कहा कि समर्थ नारीशक्ति ही सुरक्षित वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य का आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *