उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस पलटी, 6 की मौत, कई घायल

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 14 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 5 बजे औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 262 के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक बस में करीब 30 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने की वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए एक्सप्रेस-वे की रेलिंग पर जाकर लटक गई। हादसा इतना भयानक था कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और यूपीडा की टीम को सूचना दी। इसके बाद औरास थाना पुलिस, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

उन्नाव के जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि पांच यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रशासन ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *