दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में हाइजैक अलर्ट, सऊदी अरब की ओर मोड़ा गया विमान

KNEWS DESK- दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह संदिग्ध गतिविधि की खबर से हड़कंप मच गया। विमान से कथित तौर पर ऐसा इमरजेंसी कोड एक्टिवेट किया गया, जिसका इस्तेमाल संभावित हाईजैक की स्थिति में किया जाता है। इसके साथ ही विमान की ओर से डिस्ट्रेस सिग्नल भेजे जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक हाईजैक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

विमान में करीब 180 यात्री सवार हैं, जिनमें 100 से अधिक इजराइली नागरिक बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इजरायल की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी के मुताबिक, विमान को सऊदी अरब में लैंड कराया जाना है। अधिकारी ने कहा कि विमान के उतरने से पहले यह पूरी तरह निश्चित तौर पर कहना संभव नहीं है कि विमान के अंदर वास्तव में क्या हुआ।

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट से इमरजेंसी 7700 स्क्वॉक सिग्नल मिलने के बाद इजरायली मिलिट्री जेट्स को भी रवाना किया गया। आर्मी रेडियो के मुताबिक, विमान ने कथित तौर पर हाईजैकिंग के प्रयास से जुड़े एक इमरजेंसी कोड को एक्टिवेट किया और डिस्ट्रेस सिग्नल भेजा।

सऊदी अरब में होगी लैंडिंग

विमान के सऊदी अरब में उतरने के बाद उसकी गहन जांच की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, कार्गो होल्ड की तलाशी लेने के साथ चालक दल के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान के साथ हवा में वास्तव में क्या हुआ था। पायलट और क्रू के बीच कम्युनिकेशन को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं।

इजरायली एयरफोर्स अलर्ट पर

संभावित आपात स्थिति को देखते हुए इजरायल एयरफोर्स ने अलर्ट लेवल बढ़ा दिया और लड़ाकू विमानों को रवाना किया। इन फाइटर जेट्स को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रक्षा अधिकारियों के साथ सुरक्षा बैठक बुलाई है। द जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, बैठक में विमान से जुड़ी स्थिति और उससे पैदा हुई संभावित सुरक्षा चुनौती पर चर्चा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *