धनतेरस से पहले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 2,200 रुपये बढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। पिछले धनतेरस के मुकाबले सोना 16,400 रुपये महंगा हो चुका है।
Knews Desk- त्योहारों के सीजन में कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार तेजी जारी है। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, दिल्ली में 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव गुरुवार को 2,200 रुपये बढ़कर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को सोना 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत में भी 1,500 रुपये का उछाल आया और यह बढ़कर 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 1,93,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। बाजार के कारोबारियों के मुताबिक, धनतेरस पर कीमती धातुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। ऐसे में जौहरियों, खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की खरीदारी बढ़ी है। निवेश की बढ़ती मांग ने भी कीमतों को मजबूती दी है।
पिछले साल 18 अक्टूबर को धनतेरस के दिन सोने का भाव 1,32,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इस लिहाज से इस बार सोना 16,400 रुपये महंगा है। वहीं, पिछले धनतेरस पर चांदी 1.7 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अब 1,94,500 रुपये पर पहुंच गई है। मोनार्क पीएमएस के असिस्टेंट फंड मैनेजर ध्रुव जोगलेकर के मुताबिक, पिछले धनतेरस से सोने की कीमत करीब 13 फीसदी बढ़ी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी रही। स्पॉट गोल्ड 65.12 डॉलर यानी करीब 2 फीसदी बढ़कर 4,125.25 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। वहीं, चांदी 1 फीसदी की बढ़त के साथ 52.73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।