KNEWS DESK – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए, जब उनका हेलीकॉप्टर अचानक खराब मौसम और तेज आंधी-तूफान की चपेट में आ गया। कल्याण के पास हवा की रफ्तार अचानक तेज होने के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
जानकारी के अनुसार, एकनाथ शिंदे मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा कल्याण और मुरबाड क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। उड़ान के शुरुआती चरण में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर कल्याण क्षेत्र के करीब पहुंचा, मौसम ने अचानक करवट ले ली।
तेज हवाओं और आंधी-तूफान के चलते हेलीकॉप्टर को उड़ान में स्थिर रखना मुश्किल हो गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया और हेलीकॉप्टर को मुंबई की दिशा में मोड़ दिया। कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से जुहू एयरपोर्ट पर लैंड करा दिया गया।
इस हेलीकॉप्टर में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर विनायक पत्रुडकर, ओएसडी राजपूत, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर सहित कुल 8 लोग सवार थे। सभी यात्री कुछ समय के लिए असहज स्थिति में जरूर रहे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
जुहू एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों की प्राथमिक जांच की गई और उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बताया गया। खराब मौसम के कारण निर्धारित कार्यक्रम कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।