KNEWS DESK- राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मालवीय नगर में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब तुगलकाबाद इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार तड़के तुगलकाबाद की एक पांच मंजिला इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दमकल विभाग की टीमों ने पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, आग तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास एक रिहायशी इमारत में लगी। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भवन में रहने वाले लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे भवन में घना धुआं फैल गया। धुएं के कारण कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए।
फायर विभाग के एडीओ यशवंत मीणा ने बताया कि पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल आग की चपेट में आ गई थीं। इसके चलते धुआं और गर्मी पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। सबसे अधिक नुकसान ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल पर हुआ, जबकि ऊपरी मंजिलों को अपेक्षाकृत कम क्षति पहुंची।
उन्होंने बताया कि इमारत संकरी गली में स्थित होने के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दमकल कर्मियों ने विशेष रणनीति अपनाते हुए छत तक पहुंच बनाई और छत का गेट काटकर भवन के अंदर प्रवेश किया। इस दौरान सबसे पहले वहां फंसी दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 3 जून को मालवीय नगर के एक होटल में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी राजधानी के विभिन्न इलाकों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बढ़ती घटनाओं को देखते हुए दिल्ली सरकार और संबंधित विभाग अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चला रहे हैं। हालांकि लगातार हो रहे हादसे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।