लोकसभा में लाठीचार्ज मुद्दे पर जवाब देंगे अमित शाह, विपक्ष के हंगामे पर रिजिजू की दो टूक- चर्चा के दौरान शांति बनाए रखें

संसद के मानसून सत्र में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर जारी गतिरोध के बीच गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में जवाब देने के लिए तैयार हो गए हैं। स्पीकर जल्द ही उनके जवाब का समय तय कर सकते हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन में चर्चा के दौरान हंगामा नहीं करने की अपील की है।

Knews Desk- संसद के मानसून सत्र में छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध लगातार बना हुआ है। विपक्ष कई दिनों से गृह मंत्री अमित शाह से सदन में इस मामले पर बयान देने की मांग कर रहा था। अब सरकार की ओर से संकेत मिले हैं कि अमित शाह लोकसभा में इस मुद्दे पर जवाब देंगे। माना जा रहा है कि लोकसभा अध्यक्ष जल्द ही उनके जवाब का समय तय करेंगे।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार छात्र आंदोलन और उससे जुड़े पूरे मामले पर सदन में विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि चर्चा के दौरान किसी तरह का हंगामा न किया जाए और गृह मंत्री व सरकार का पक्ष शांतिपूर्वक सुना जाए।

रिजिजू ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह एकराय नहीं है।

खरगे ने फिर की अमित शाह के बयान की मांग

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आकर बयान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार 17 दिनों से इस मुद्दे पर गृह मंत्री का जवाब चाहता है।

खरगे ने सरकार पर सदन की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता ने जिन प्रतिनिधियों को चुनकर संसद भेजा है, उनकी बात सदन में सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन सरकार की ओर से बयान नहीं दिया जा रहा है।

मानसून सत्र के अब महज चार कार्य दिवस बचे हैं। ऐसे में संसद में जारी गतिरोध के कारण कई महत्वपूर्ण विधेयकों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला आरक्षण, परिसीमन और विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम यानी FCRA से जुड़े प्रस्तावित कानूनों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

गतिरोध खत्म कराने में जुटी सरकार

संसद में लगातार हो रहे हंगामे के बीच सरकार विपक्ष के साथ बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करने की कोशिश कर रही है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पिछले सप्ताह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से दो बार मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच फोन पर भी बातचीत हुई थी।

अब अमित शाह के लोकसभा में जवाब देने की तैयारी के बाद माना जा रहा है कि सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खुल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *