भारतीय सीमा में घुसकर किसान को उठा ले गए बांग्लादेशी, दीपांकर की रिहाई के लिए BSF की BGB से बातचीत

Knews Desk- भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भारतीय किसान दीपांकर गोप को कथित तौर पर बांग्लादेश से आए 10-15 लोग भारतीय सीमा से जबरन उठाकर ले गए। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के बीच भी चिंता बढ़ गई है। दीपांकर की सुरक्षित रिहाई के लिए BSF लगातार बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के संपर्क में है।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह 35 वर्षीय दीपांकर गोप जलपाईगुड़ी के कुकुरजन इलाके में अपने चाय के खेत में अकेले कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। यह इलाका BSF की चौलहाटी चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसी दौरान कथित तौर पर बांग्लादेश की ओर से करीब 10-15 लोग भारतीय सीमा में दाखिल हुए और दीपांकर को अपने साथ ले गए।

घटना के बाद BSF के जवान मौके पर पहुंचे और दीपांकर का पता लगाने के साथ उनकी सुरक्षित रिहाई की कोशिश शुरू की। मामले को लेकर BSF और BGB के अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग भी हुई, लेकिन तत्काल कोई समाधान नहीं निकल सका।

बांग्लादेश में दीपांकर पर केस की तैयारी

बांग्लादेशी अधिकारियों के मुताबिक, दीपांकर को बिराजोत सीमा के पास बॉर्डर पिलर 742/12 के नजदीक एक गन्ने के खेत से पकड़ा गया। उनका दावा है कि दीपांकर बांग्लादेश की सीमा में प्रवेश कर गए थे। इसके बाद BGB ने उन्हें पंचगढ़ पुलिस स्टेशन को सौंप दिया।

पंचगढ़ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर (जांच) आशीष कुमार शील के मुताबिक, दीपांकर के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। केस दर्ज होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा और कोर्ट के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

हालांकि, भारतीय पक्ष की रिपोर्टों में इसके उलट दावा किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, दीपांकर बांग्लादेश की सीमा में नहीं गए थे, बल्कि बदले की कार्रवाई के तहत बांग्लादेशी लोगों ने भारतीय क्षेत्र में घुसकर उन्हें अगवा किया।

तमीज की रिहाई के बदले दीपांकर को छोड़ने की मांग

इस पूरे मामले में तमीज उद्दीन का नाम भी सामने आया है। तमीज बांग्लादेश का नागरिक है, जिसे BSF ने हाल ही में चौलहाटी बॉर्डर के पास कथित तौर पर कंटीले तार काटकर भारत में प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में पकड़ा था।

दीपांकर के सामने आए एक वीडियो में कथित तौर पर उन्हें ले जाने वाले लोग यह कहते नजर आ रहे हैं कि तमीज उद्दीन को रिहा किए जाने के बाद ही दीपांकर को छोड़ा जाएगा। वहीं, बांग्लादेश के स्थानीय लोगों का दावा है कि तमीज एक बुजुर्ग व्यक्ति हैं और वह अपनी खोई हुई गाय की तलाश में सीमा क्षेत्र में पहुंचे थे।

फिलहाल BSF और BGB के बीच बातचीत जारी है। दीपांकर की सुरक्षित वापसी को लेकर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं। साथ ही, घटना से जुड़े दोनों पक्षों के दावों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *