Bank Strike 2026: बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के ऐलान के बाद सरकारी और कुछ पुराने निजी बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम पहले पूरा करने की सलाह दी है। डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की भी अपील की गई है।
Knews Desk– बैंक ग्राहियों के लिए जरूरी खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से तीन दिनों की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। ऐसे में 28, 29 और 30 सितंबर को सरकारी बैंकों के कामकाज पर असर पड़ सकता है। बैंक यूनियनों का दावा है कि UFBU बैंकिंग सेक्टर के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।
प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए सरकारी बैंकों और कुछ पुराने निजी बैंकों ने अपने ग्राहकों को एडवाइजरी जारी की है। ग्राहकों से कहा गया है कि वे हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी बैंकिंग लेनदेन और अन्य काम निपटा लें। बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करना भी शामिल है।
तीन दिन की हड़ताल से पहले ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने सरकारी बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को शाखाएं खोलने के निर्देश दिए हैं।
SBI ने ग्राहकों को दी ये सलाह
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि बैंक शाखाओं और कार्यालयों में जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश की जाएगी। हालांकि, हड़ताल के दौरान कुछ बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। इसलिए ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे हड़ताल की तारीखों से पहले जरूरी बैंकिंग लेनदेन पूरा कर लें।
नकदी की जरूरत वाले ग्राहकों को SBI ने एटीएम और कैश डिपॉजिट-विड्रॉल मशीनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा योनो, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और अन्य डिजिटल माध्यमों से बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने को कहा गया है।
बैंक ऑफ इंडिया ने भी ग्राहकों से कहा है कि 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल के दौरान मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, बैंक प्रतिनिधि (BC) केंद्र और UPI जैसी 24 घंटे उपलब्ध डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक भी प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल में शामिल होंगे। वहीं, पुराने निजी क्षेत्र के कर्नाटक बैंक ने भी ग्राहकों को संभावित असर को लेकर जानकारी दी है। बैंक के मुताबिक, हड़ताल की स्थिति में उसकी शाखाओं, कार्यालयों और विभागों का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि, बैंक ने सामान्य परिचालन बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।
कर्नाटक बैंक ने यह भी कहा है कि हड़ताल के चलते होने वाले संभावित नुकसान या परिचालन पर पड़ने वाले असर का फिलहाल आकलन करना संभव नहीं है।
इन प्राइवेट बैंकों पर नहीं पड़ेगा असर
नए निजी क्षेत्र के बैंक जैसे ICICI Bank, HDFC Bank, Axis Bank और IndusInd Bank सामान्य रूप से काम करते रहेंगे। इन बैंकों की सेवाओं पर प्रस्तावित सरकारी बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का असर नहीं होगा।
इससे पहले वित्त मंत्रालय ने भी बैंक कर्मचारियों से हड़ताल से बचने और बाकी मांगों को बातचीत के जरिए हल करने की अपील की थी। मंत्रालय का कहना था कि बैंक कर्मचारी संगठनों की अधिकांश चिंताओं का काफी हद तक समाधान किया जा चुका है।