यूपी में पहले होते थे दंगे, अब है ‘रूल ऑफ लॉ’, CM योगी का पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की आराधना की। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने प्रदेश में पिछले साढ़े 9 वर्षों में हुए विकास कार्यों और आर्थिक प्रगति का विवरण भी प्रस्तुत किया।

Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर मां सिद्धिदात्री की आराधना की और प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी सिद्धियों, सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से नारीशक्ति अपने सामर्थ्य, संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर प्रगति एवं समृद्धि में निर्णायक भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति की महत्ता बताते हुए कहा, “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः।” इसका अर्थ है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। ऐसे स्थान पर सुख, समृद्धि और कल्याण होता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में उपद्रव का माहौल विकास पर ग्रहण लगा रहा था। अराजकता चरम पर थी और गुंडे, माफिया तथा उपद्रवी समानांतर सरकार चला रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश दंगों की आग में झुलस रहा था और पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। अभिभावक अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में भेजने को मजबूर थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। ‘रूल ऑफ लॉ’ की स्थापना के साथ उत्तर प्रदेश को उपद्रव से निकालकर उत्सव प्रदेश के रूप में स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साढ़े 9 वर्षों में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में किए गए प्रयासों ने प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालने और देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े 9 वर्षों में प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय, बजट और महिला श्रम बल भागीदारी तीन गुना हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लगातार रेवेन्यू सरप्लस बना हुआ है और प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बड़े कारखानों की संख्या ढाई गुना बढ़कर 14 हजार से 35 हजार हो गई है। निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से भारत को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रदेश के बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को साढ़े 9 लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

योगी आदित्यनाथ के अनुसार, प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि मृतप्राय पड़े सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को पुनर्जीवित करके तीन करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि ‘सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *