लाल चौक पर दिखे चार वांछित आतंकियों के पोस्टर, सूचना देने वालों को इनाम का ऐलान

श्रीनगर के प्रमुख लाल चौक इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने चार वांछित आतंकियों के पोस्टर और बैनर लगाए हैं। पोस्टरों के जरिए आम लोगों से इन आतंकियों की गतिविधियों, आवाजाही या ठिकाने से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई है। जानकारी देने वालों को इनाम देने की घोषणा के साथ उनकी पहचान गुप्त रखने का भरोसा भी दिया गया है।

Knews Desk – पोस्टरों पर दी गई जानकारी के मुताबिक, चारों वांछित व्यक्ति कश्मीर के अलग-अलग जिलों से हैं। इनमें सोपोर के बिलाल अहमद मीर और मोहम्मद उमर मीर, कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट और बारामूला के आबिद कयूम लोन शामिल हैं।

स्रोत के अनुसार, मोहम्मद लतीफ भट के इस साल जुलाई में अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप है।

श्रीनगर के लाल चौक में पोस्टर लगाने का मकसद आम लोगों को जागरूक करना और सुरक्षा एजेंसियों के साथ विश्वसनीय जानकारी साझा करने के लिए प्रोत्साहित करना बताया गया है। पोस्टरों में लोगों से इन वांछित आतंकियों की गतिविधियों, आवाजाही या संभावित ठिकानों के बारे में पुख्ता जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित संपर्क नंबरों पर सूचना देने की अपील की गई है।

सुरक्षा एजेंसियों ने जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखने का भी भरोसा दिलाया है। विश्वसनीय सूचना उपलब्ध कराने वालों के लिए इनाम की घोषणा की गई है।

आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार जारी है। इसके साथ ही आतंकियों के मददगारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्रीनगर के लाल चौक जैसे प्रमुख इलाके में वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए गए हैं।

इससे पहले 17 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में LoC के पास सुरक्षा बलों और संदिग्ध आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, जमगुंड इलाके में संदिग्ध गतिविधि का पता चलने के बाद सैनिकों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, संदिग्ध समूह में तीन से चार लोग शामिल थे और उनके LoC पार करने की कोशिश करने की आशंका जताई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *