महाराष्ट्र में बढ़ी सियासी हलचल, शरद पवार से मिलेंगे उद्धव ठाकरे; NCP विलय की अटकलें तेज

महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे आज शरद पवार से मुलाकात करेंगे। वहीं, पार्थ पवार लगातार दूसरे दिन शरद पवार से मिल चुके हैं।

Knews Desk – महाराष्ट्र में NCP और NCP (SP) के संभावित विलय को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल बढ़ गई है। हालांकि, अभी तक दोनों गुटों के किसी भी नेता ने विलय को लेकर खुलकर कोई घोषणा नहीं की है। इसी बीच शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे आज मुंबई के सिल्वर ओक बंगले पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले संजय राउत समेत शिवसेना (UBT) के कई नेता शरद पवार से मिलकर उनकी सेहत का हालचाल पूछ चुके हैं।

लगातार दूसरे दिन पार्थ पवार ने की मुलाकात

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने रविवार को अपने दादा और NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुंबई स्थित उनके आवास सिल्वर ओक बंगले पर मुलाकात की। यह लगातार दूसरा दिन था जब पार्थ पवार ने शरद पवार से मुलाकात की। इससे पहले शनिवार को भी दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को पार्थ पवार और शरद पवार के बीच करीब दो घंटे तक चर्चा हुई। इसके बाद रविवार शाम को शरद पवार और NCP (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेताओं के बीच अलग से बैठक भी हुई। लगातार हो रही इन मुलाकातों के बाद NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।

शरद पवार से लगातार नेता मुलाकात कर रहे हैं। हालांकि, इन नेताओं की ओर से कहा जा रहा है कि वे शरद पवार की सेहत का हालचाल जानने के लिए उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। शरद पवार शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे। उन्हें ब्रोंकाइटिस, छाती में संक्रमण और खांसी की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

प्रफुल्ल पटेल भी कर सकते हैं मुलाकात

मंगलवार को NCP (अजित पवार) के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट और सांसद प्रफुल्ल पटेल के भी शरद पवार से मुलाकात करने की बात सामने आई है। इससे पहले प्रफुल्ल पटेल अस्पताल में शरद पवार से मिलने गए थे। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई थी।

NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय की खबरों पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने इसे बीजेपी का प्रोपेगेंडा बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ आक्रामक रुख अपना रहे हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से बीजेपी इंडिया गठबंधन में फूट डालने की कोशिश कर रही है और मर्जर को लेकर इस तरह की खबरें फैलाई जा रही हैं।

हुसैन दलवाई ने कहा कि शरद पवार की राजनीति हमेशा सेक्युलर विचारधारा वाले दलों के साथ रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठकों में शरद पवार या उनकी बेटी सुप्रिया सुले हमेशा मौजूद रहती हैं। दलवाई के मुताबिक, अगर NCP का विलय होता भी है तो वह विपक्ष के साथ होगा, सत्तापक्ष के साथ नहीं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि ऐसा होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *