उत्तराखंड के मां कुंजापुरी टूरिज्म एंड डेवलपमेंट मेले में परफॉर्मेंस के दौरान हुए ‘शराब और लिपसिंक’ विवाद पर सिंगर दलेर मेहंदी ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। दिवाली के खास मौके पर उन्होंने विवाद के दौरान सपोर्ट करने के लिए अपने तमाम फैंस, परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों का शुक्रिया अदा किया है। उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर शराब पीकर परफॉर्म करने और खुद गाने की बजाय गानों पर लिपसिंक करने का आरोप लगाया था। इसके बाद दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह समेत कई सितारों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई थी।
Knews Desk – इंस्टाग्राम पर जारी दो पन्नों के बयान में दलेर मेहंदी ने कहा कि इस दिवाली वह खास तौर पर उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहते हैं, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि जिस भी स्टेज पर वह गए, उनके संगीत की वजह से उन्हें कई सालों से लोगों का खूब प्यार मिला है, लेकिन कुछ दिनों पहले उन्होंने जो झेला, उसका उन पर ऐसा असर हुआ है, जिसे शब्दों में बयान करना भी मुश्किल है।
दलेर मेहंदी ने अपने पोस्ट में कहा कि जिस तरह लोग उनके साथ खड़े रहे, उनके लिए आवाज उठाई, उन पर भरोसा जताया और प्यार दिया, उसके लिए वह कभी पूरी तरह से नहीं बता पाएंगे कि यह उनके लिए कितना मायने रखता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों के संदेश पढ़े, उनकी बातें सुनीं और उनकी दुआओं को महसूस किया। इस पूरे वक्त में उन्होंने खुद को बेहद भाग्यशाली और आभारी बताया।
सिंगर ने अपने परिवार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने अपने भाई मीका सिंह की भी तारीफ की और कहा कि उनका भाई उनके लिए ऐसी ताकत बनकर खड़ा हुआ, जिसका सामना करना आसान नहीं था। दलेर मेहंदी ने अपनी पत्नी तरन, बेटे गुरदीप और बेटी रबाब, अजित और प्रभजोत का भी जिक्र करते हुए उनका आभार जताया।
https://www.instagram.com/p/DfeGBUGj0kD/?
उन्होंने पूरी म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री, भारत के कोने-कोने से उनसे संपर्क करने वाले लोगों, अपने फैंस और पूरे देश का शुक्रिया अदा किया। दलेर मेहंदी ने कहा कि लोगों ने उन्हें प्यार, विश्वास और सम्मान का जो सरोपा दिया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं।
दलेर मेहंदी ने कहा कि उनका हमेशा से मानना रहा है कि परिवार सिर्फ वे लोग नहीं होते, जिनके घर में हम पैदा होते हैं, बल्कि वे लोग भी परिवार होते हैं जो जरूरत के समय हमारे साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज वह इस बात को पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझ पा रहे हैं।
दिवाली की बधाई देते हुए दलेर मेहंदी ने कहा कि इस दिवाली हर घर में दीए जगमगाएंगे, लेकिन उनके दिल में जो रोशनी लोगों के प्यार ने जगाई है, वह उनके लिए सबसे खास है।
दरअसल, उत्तराखंड में आयोजित मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी के कार्यक्रम के बाद विवाद खड़ा हो गया था। इस कार्यक्रम में दलेर मेहंदी मुख्य कलाकार के तौर पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के साथ राजनेता भी मौजूद थे। इसी दौरान लाइव परफॉर्मेंस के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए और उन्होंने दलेर मेहंदी के कार्यक्रम पर सवाल उठाए थे।
मंत्री ने आरोप लगाया था कि गायक नशे की हालत में नजर आ रहे थे और लाइव गाने के बजाय पहले से रिकॉर्ड किए गए गाने पर सिर्फ होंठ हिला रहे थे। बाद में मंत्री ने दावा किया था कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए थे।
लाइव परफॉर्मेंस के दौरान मंत्री के इस रवैये के बाद मीका सिंह ने माफी की मांग की थी। उन्होंने दलेर मेहंदी के नशे में होने के आरोपों को खारिज किया और बताया था कि दलेर मेहंदी की हाल ही में सर्जरी हुई है। मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी।
इंडस्ट्री के भी कई लोगों ने दलेर मेहंदी की बीमारी के बारे में बात की थी और कहा था कि वह कभी शराब पीते ही नहीं।