यमन में फंसे 19 भारतीय नाविक सुरक्षित निकाले गए, दो हफ्ते बाद भारत के लिए रवाना

KNEWS DESK– यमन के होदेइदाह और राजधानी सना में पिछले दो हफ्तों से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यमन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इसकी पुष्टि की। दूतावास के मुताबिक सभी 19 नाविक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सभी 19 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और अब अपने देश लौट रहे हैं। दूतावास ने इस मुश्किल परिस्थिति में भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद करने वाले सभी संबंधित पक्षों और स्थानीय प्रशासन का आभार जताया है।

14 भारतीयों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं

यह रेस्क्यू ऑपरेशन यमन के समुद्री तट के पास सामने आई एक नौका से जुड़ी घटना के कुछ दिनों बाद हुआ है। भारतीय मिशन ने 23 अक्टूबर को बताया था कि होदेइदाह तट के पास एक नौका पर सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और दूतावास संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

इससे पहले अरब मीडिया में हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया गया था कि लाल सागर में युकार द्वीप के पास सऊदी बलों ने एक भारतीय नौका को निशाना बनाया था और हूती बलों ने उसमें सवार 14 भारतीयों को रेस्क्यू किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रविवार को सुरक्षित निकाले गए 19 नाविकों में वे 14 भारतीय शामिल हैं या नहीं।

सऊदी-हूती तनाव के बीच बढ़ी चिंता

यमन में भारतीय नागरिकों के फंसने की घटना ऐसे समय हुई है जब सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच हमले और जवाबी कार्रवाई तेज हुई है। इससे लाल सागर और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट की समुद्री सुरक्षा को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *