माता सीता का किरदार निभाते-निभाते रो पड़ीं साई पल्लवी, बताया सेट पर क्या हुआ था

knews desk – इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने तूफान उठाया हुआ है। फिल्म लगातार शानदार कमाई कर रही है। फिल्म ने आठवें दिन भी 53.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म में काम करने वाले हर एक एक्टर की तारीफ हो रही है। खासकर रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच ‘रामायण पार्ट 1’ में सीता का किरदार निभाने वाली साई पल्लवी ने फिल्म के सेट का एक इमोशनल किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एक पल ऐसा आया जब वह रोने लगी थीं और पूछने लगी थीं कि आखिर ऐसा क्यों किया जा रहा है।

हाल ही में साई पल्लवी ने ‘रामायण’ के सेट पर हुए एक इमोशनल मोमेंट के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि एक सीन के बाद उनकी डायलेक्ट कोच ने उनके पैर छू लिए। साई पल्लवी के मुताबिक, वह इस घटना से हैरान रह गई थीं।

साई पल्लवी ने बताया कि उनकी डायलेक्ट कोच ने उन्हें फोन पर बात करते, तैयार होते और बाकी चीजें करते हुए भी देखा था। वह जानती थीं कि साई पल्लवी एक एक्टर हैं, लेकिन कभी-कभी जब कोई ऐसे किरदार को निभाता है, जिसे वह हर दिन पूजता है और जिससे उसका मां जैसा गहरा जुड़ाव होता है, तो उसके लिए सामने वाला सिर्फ एक एक्टर नहीं रह जाता।

साई पल्लवी ने कहा कि जब उनकी डायलेक्ट कोच ने उनके पैर छुए तो उनके रोने से पहले ही वह खुद रोने लगी थीं। उन्होंने अपनी डायलेक्ट कोच से पूछा, ‘तुम आखिर कर क्या रही हो?’ साई पल्लवी के मुताबिक, उस पल उन्हें महसूस हुआ कि माता सीता का किरदार बहुत सारे लोगों के दिलों को गहराई से छूता है। लोगों से इतना प्यार मिलने के कारण वह बेहद भावुक हो गई थीं।

साई पल्लवी ने यह भी बताया कि माता सीता के किरदार को निभाते समय उनका नजरिया पहले के किरदारों से बिल्कुल अलग था। इससे पहले ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में उन्होंने माता सीता का किरदार निभाने को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि इस बार वह अपना दिमाग नहीं लगाना चाहती थीं। आमतौर पर जब वह कोई किरदार निभाती हैं तो सोचती हैं कि वह उस किरदार को क्या दे सकती हैं, लेकिन माता सीता का किरदार निभाते समय पहली बार उन्होंने सोचा कि इस किरदार से उन्हें क्या मिल सकता है और वह इससे क्या सीख सकती हैं।

इसी वजह से साई पल्लवी ने कहा कि वह इस किरदार को लेकर ज्यादा सोच-विचार नहीं करना चाहती थीं। उनके लिए माता सीता का किरदार सिर्फ एक फिल्मी भूमिका नहीं, बल्कि गहरी आस्था और भावनाओं से जुड़ा अनुभव रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *