Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक की योग परंपरा, प्रशांति कुटीरम के योगदान और दुनिया में योग की बढ़ती स्वीकार्यता पर विस्तार से बात की। पीएम मोदी ने कहा कि योग भारत को जानने का एक प्रवेश द्वार बन चुका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कर्नाटक को सदियों से योग का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि इस धरती पर कई योग गुरुओं और विद्वानों ने जन्म लिया, जिन्होंने इस प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां से शुरू हुई यात्रा अब योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि योग के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर एक समग्र वेलनेस इकोसिस्टम तैयार किया गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि तनाव से जुड़ी चुनौतियों और जीवनशैली से होने वाली बीमारियों के क्षेत्र में प्रशांति कुटीरम द्वारा किया गया शोध दुनिया के लोगों के लिए मददगार साबित हुआ है।
एचवी शेषाद्रि को किया याद
प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ एचवी शेषाद्रि की जन्मशताब्दी का भी उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शेषाद्रि ने अपना पूरा जीवन ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को आगे बढ़ाने में लगाया।
पीएम मोदी ने शेषाद्रि की कही बात का उल्लेख करते हुए कहा कि जब समाज को दोनों आंखों से देखा जाता है, तो समाज भी लाखों आंखों से हमें देखता है। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करते हुए उन्हें हमेशा लोगों का आशीर्वाद और स्नेह मिला है और यह उनके जीवन की सबसे बड़ी निधियों में से एक है।
प्रधानमंत्री ने कन्नड़ फिल्मों के दिग्गज अभिनेता डॉ. राजकुमार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजकुमार कर्नाटक की धरती के उन अनेक योग प्रेमियों में से एक थे, जिन्होंने कला के साथ योग साधना में भी योगदान दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रशांति कुटीरम की 50 वर्षों की यात्रा सेवा और समर्पण की असाधारण कहानी है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी चाहिए।
योग को लेकर दुनिया में बढ़ा भारत का प्रभाव
स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गुलामी के दौर में जहां लाखों स्वतंत्रता सेनानी आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे, वहीं स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्र ऋषि भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत कर रहे थे और युवाओं को योग का मार्ग दिखा रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत अपनी संस्कृति, पहचान और ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रख रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की पहल पर अब पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाती है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘नेशनल गेम्स’ जैसे आयोजनों में योगासन के लिए नई जगह बनी है। उन्होंने कहा कि इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के नए रास्ते खुले हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि योग भारत को जानने का एक प्रवेश द्वार बन चुका है। उन्होंने कतर की रॉयल फैमिली समेत विदेशों के उन लोगों का भी उल्लेख किया जो योग के प्रति समर्पित हैं और जिन्हें भारत में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।