इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग पर मेयर का पलटवार, बोले- स्कोर शीट सामने आने दें, सच्चाई खुद साफ हो जाएगी

इंदौर के स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर की सफाई व्यवस्था का बचाव किया है। उन्होंने दावा किया कि इंदौर आज भी देश का सबसे साफ शहर है और सर्वेक्षण की पूरी स्कोर शीट सामने आने के बाद तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

Knews Desk – कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि लगातार आठ साल तक नंबर वन रहने वाला इंदौर इस बार अपना शीर्ष स्थान गंवा बैठा है। इसके जवाब में मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की स्कोर शीट जारी होने का इंतजार किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, स्कोर शीट सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

मेयर ने बताया कि देशभर के शहरों में इंदौर को सबसे ज्यादा अंक मिले थे। हालांकि, केंद्र सरकार ने इस बार ऐसी नीति अपनाई, जिसके तहत किसी एक शहर को केवल एक ही श्रेणी में पुरस्कार दिया जा सकता था। इसी नीति के तहत इंदौर को देपालपुर के साथ ‘क्लीन सिटी पेयर’ यानी स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में पुरस्कार मिला।

नवी मुंबई बनी सबसे स्वच्छ शहर

10वें ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के पुरस्कार समारोह में नवी मुंबई को सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। इस सूची में सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे। इसी के बाद इंदौर की रैंकिंग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।

11 नवंबर को पुरस्कार समारोह में शामिल होकर दिल्ली से इंदौर लौट रहे मेयर पुष्यमित्र भार्गव का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पिछले साल दिसंबर में भागीरथपुरा में दूषित पानी की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों ने विरोध किया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रदर्शन का एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि दूषित पेयजल के कारण अपने परिवार के सदस्यों को खोने वाले लोग मेयर से न्याय की मांग करने पहुंचे थे।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी भाजपा के इशारे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हवाई अड्डे से हटाकर एरोड्रम पुलिस थाने ले गई। प्रदर्शनकारियों में एक 80 साल की महिला और 10 साल का बच्चा भी शामिल होने का दावा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *