KNEWS DESK- लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना में प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए हैं। अब व्रतियों को अपने आसपास के छठ घाट या तालाब की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। पटना नगर निगम ने WhatsApp चैटबॉट की सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए श्रद्धालु मोबाइल से एक मैसेज भेजकर अपने नजदीकी छठ घाट की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
इस सुविधा के जरिए श्रद्धालुओं को केवल घाट का नाम ही नहीं, बल्कि उसकी Google लोकेशन, संबंधित सफाई निरीक्षक और जोनल अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर भी मिलेगा। इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में गंगाजल के टैंकर भी लगाए जाएंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए घाटों के आसपास सहायता केंद्र, साइनेज बोर्ड और कंट्रोल रूम तैयार किए हैं।
WhatsApp पर ऐसे मिलेगी नजदीकी घाट की जानकारी
पटना नगर निगम के WhatsApp चैटबॉट के जरिए नजदीकी छठ घाट की जानकारी प्राप्त करना काफी आसान है। श्रद्धालुओं को सबसे पहले WhatsApp नंबर 9264447449 पर Hi लिखकर भेजना होगा। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा चुननी होगी और कार्तिक छठ के लिए नजदीकी घाट देखने का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद श्रद्धालु अपनी लाइव लोकेशन शेयर करेंगे। लोकेशन मिलते ही चैटबॉट आसपास मौजूद छठ घाटों और तालाबों की जानकारी उपलब्ध करा देगा। इसके साथ ही घाट की Google लोकेशन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी मिल सकेंगे।
प्रशासन ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए हैं। इसके अलावा घाटों के आसपास सहायता केंद्र और कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और किसी तरह की परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।
चौक-चौराहों पर मिलेगा गंगाजल
छठ व्रतियों की सुविधा के लिए पटना नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मोहल्लों में टैंकरों के जरिए गंगाजल वितरित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के सभी अंचलों में गंगाजल से भरे टैंकर तैयार किए गए हैं। शहर के प्रमुख स्थानों पर इन टैंकरों को तैनात किया जाएगा, जहां श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार गंगाजल ले सकेंगे।
11 घाटों पर अर्घ्य देने की मनाही
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने गंगा किनारे स्थित 11 घाटों को छठ पूजा के लिए प्रतिबंधित किया है। इनमें छह घाटों को खतरनाक और पांच को अनुपयुक्त घोषित किया गया है। प्रशासन ने इन घाटों पर श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने की अनुमति नहीं दी है। खतरनाक घोषित किए गए छह घाटों में जेपी सेतु के पश्चिमी घाट की तरफ का घाट, एलटीसी घाट, राजापुर पुल घाट, पहलवान घाट, पटना सिटी इलाके का अब्दुल रहमानपुर घाट और नया पंचमुखी चौराहा घाट शामिल हैं। वहीं, टीएन बनर्जी घाट, मिश्री घाट, जजेज घाट, वंशी घाट और गुलबीघाट को छठ पूजा के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन घाटों पर भी श्रद्धालु अर्घ्य नहीं दे सकेंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सुरक्षित घाटों पर जाने की अपील
प्रशासन की ओर से प्रतिबंधित घाटों को लाल कपड़े से घेर दिया गया है, ताकि श्रद्धालु गलती से भी इन स्थानों पर न पहुंचें। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करें।
पटना में छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों और तालाबों पर पहुंचते हैं। ऐसे में इस बार WhatsApp चैटबॉट, गंगाजल वितरण, सहायता केंद्र और साइनेज बोर्ड जैसी व्यवस्थाओं के जरिए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित तरीके से छठ पूजा कराने की तैयारी की है।