मिशन 2027 को लेकर BJP की बड़ी तैयारी, छह संगठनात्मक क्षेत्रों में अमित शाह करेंगे मंथन

Knews Desk – उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नवंबर के अंत से प्रदेश दौरे की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत अमित शाह उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सकते हैं।

नवंबर के अंत से शुरू हो सकता है शाह का यूपी दौरा

बीजेपी की योजना है कि अमित शाह के क्षेत्रवार दौरों के दौरान केवल बड़े नेताओं के साथ बैठक न हो, बल्कि स्थानीय पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से भी सीधा संवाद किया जाए। इन बैठकों में संगठन की जमीनी स्थिति, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया जाएगा। इसके आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने पर मंथन होगा।

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को संगठनात्मक तौर पर पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर समेत छह क्षेत्रों में बांटा है। अमित शाह इन सभी क्षेत्रों में अलग-अलग बैठकें कर सकते हैं। प्रस्तावित बैठकों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला स्तर के प्रमुख नेताओं और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को शामिल करने की योजना है।

पार्टी की ओर से नवंबर में अमित शाह के दौरे को लेकर शुरुआती कार्यक्रम तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है। फिलहाल दो संगठनात्मक क्षेत्रों के दौरे की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके बाद बाकी क्षेत्रों में भी बैठकों का कार्यक्रम तय किए जाने की तैयारी है। बीजेपी की कोशिश है कि अमित शाह का दौरा सिर्फ औपचारिक संगठनात्मक बैठक तक सीमित न रहे, बल्कि कार्यकर्ताओं को सीधे चुनावी तैयारी से जोड़ा जाए।

क्षेत्रवार फीडबैक लेकर तैयार होगी चुनावी रणनीति, जिला स्तर पर भी बैठकों की तैयारी

प्रस्तावित दौरे के दौरान सभी छह क्षेत्रों में अमित शाह के रात्रि प्रवास की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके जरिए उन्हें स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अधिक समय बिताने का मौका मिलेगा। क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की स्थिति, स्थानीय मुद्दों और चुनाव प्रबंधन से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बीजेपी की रणनीति क्षेत्रीय बैठकों के बाद जिला स्तर तक भी अमित शाह की सक्रियता बढ़ाने की है। क्षेत्रीय दौरों के बाद जिला स्तर पर बैठकों और सभाओं का कार्यक्रम तैयार किया जा सकता है। पार्टी का उद्देश्य चुनावी रणनीति और तय जिम्मेदारियों को प्रदेश से लेकर जिला और बूथ स्तर तक पहुंचाना है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी अपने शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने पर जोर दिया जा रहा है। अमित शाह के प्रस्तावित क्षेत्रवार दौरे को इसी व्यापक चुनावी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *