Knews Desk – छठ महापर्व से पहले दिल्ली की यमुना में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां मिलने के बाद सियासत तेज हो गई है। 15 और 16 नवंबर को यमुना किनारे छठ पूजा का आयोजन होना है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी बीच मरी हुई मछलियां मिलने को लेकर दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर मरी हुई मछलियां यमुना में डाल रहे हैं, ताकि सरकार की छवि खराब की जा सके और छठ पूजा से पहले माहौल बिगाड़ा जा सके। उन्होंने मामले में FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि इसके पीछे आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग हो सकते हैं और जांच के बाद इसकी सच्चाई सामने आने की बात कही।
प्रवेश वर्मा बोले- सरकार की छवि खराब करने की साजिश, FIR के निर्देश
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, यमुना में फेरी सेवा शुरू होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कुछ लोग नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ का त्योहार आने वाला है और ऐसे में माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। मंत्री ने संबंधित विभाग को FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच कराने की बात कही है।
इस मामले में दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने सोनिया विहार थाने के SHO को पत्र लिखकर FIR दर्ज करने की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोग जानबूझकर यमुना में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं, जिससे दिल्ली सरकार की छवि खराब हो। विभाग ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सौरभ भारद्वाज का पलटवार- जांच हो, पता चले हजारों मछलियां कैसे मरीं
वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मंत्री मौखिक रूप से कह रहे हैं कि मरी हुई मछलियां कहीं से लाकर यमुना में डाली गईं, लेकिन शिकायत में ऐसा कहीं नहीं लिखा गया है। सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि मछलियां प्रदूषित पानी की वजह से मरी होंगी और सरकार से इस मामले की जांच कराने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि अगर हजारों मछलियां मरी हैं तो इसकी जांच क्यों नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच से यह सामने आना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत कैसे हुई। इस पूरे विवाद के बीच अब पुलिस और संबंधित विभाग की जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि मरी हुई मछलियां यमुना में कैसे पहुंचीं और उनकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी।
छठ पूजा से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने यमुना के प्रदूषण और नदी की स्थिति को लेकर भी बहस तेज कर दी है। अब निगाहें पुलिस की जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।