KNEWS DESK- भारत समेत दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की कई प्रमुख सेवाएं करीब 12 घंटे से प्रभावित हैं। Microsoft 365, Outlook और Teams जैसी सेवाओं के काम नहीं करने से बड़ी संख्या में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या भारतीय समयानुसार रात करीब 12:38 बजे शुरू हुई थी और 12 घंटे बीतने के बाद भी सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी हैं।
दुनियाभर में इंटरनेट सेवाओं के आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector ने भी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस परेशानी की पुष्टि की है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में दोपहर करीब 2 बजे आउटेज की शिकायतें सामने आने लगी थीं, जो भारतीय समयानुसार करीब 12:30 बजे का समय है। उस दौरान Downdetector पर करीब एक लाख रिपोर्ट दर्ज की गईं।
Microsoft की किन सेवाओं पर पड़ा असर?
माइक्रोसॉफ्ट की कई लोकप्रिय सेवाओं के प्रभावित होने से यूजर्स को ईमेल भेजने, मैसेजिंग और दूसरे ऑफिस से जुड़े काम करने में परेशानी हो रही है। Microsoft 365, Outlook और Teams जैसी सेवाओं का इस्तेमाल दुनियाभर की कंपनियों और सरकारी संस्थानों में बड़े पैमाने पर किया जाता है। सेवाओं के प्रभावित होने का सीधा असर उन संस्थानों और कंपनियों के कामकाज पर पड़ा है, जो इन प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं। माइक्रोसॉफ्ट की ओर से समस्या को दूर करने के लिए काम किया जा रहा है।
IndiGo ने जारी की सर्विस एडवाइजरी
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का असर विमानन कंपनी IndiGo की ईमेल सर्विस पर भी दिखाई दिया है। कंपनी ने यात्रियों और ग्राहकों के लिए सर्विस एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि फिलहाल वह ईमेल रिसीव नहीं कर पा रही है। IndiGo ने कहा कि उसके अन्य सभी सपोर्ट चैनल पहले की तरह उपलब्ध हैं। जरूरी सहायता के लिए यात्री IndiGo की वेबसाइट या ऐप के जरिए 6E Skai से संपर्क कर सकते हैं।
दुनियाभर की कंपनियों का काम प्रभावित
Microsoft 365, Outlook और Teams जैसी सेवाओं का इस्तेमाल बड़ी संख्या में कंपनियां और सरकारी संस्थान करते हैं। ऐसे में इन सेवाओं में आई तकनीकी परेशानी का असर कई जगहों के कामकाज पर पड़ा है। करीब 12 घंटे से जारी इस आउटेज के चलते यूजर्स को सेवाओं के सामान्य होने का इंतजार है। माइक्रोसॉफ्ट की टीमें समस्या को ठीक करने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं।