बिहार में नीतीश कुमार के नाम पर होगा बड़ा गंगा पुल, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे लोकार्पण

Knews Desk – बिहार सरकार ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि यह पुल अब ‘नीतीश सेतु’ के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे। वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम में कई अन्य जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन प्रस्तावित है।

पटना और उत्तर बिहार के बीच कनेक्टिविटी होगी आसान

गंगा पर बना यह छह लेन पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। इससे लोगों को ट्रैफिक जाम और लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिलने के साथ व्यापारिक आवाजाही को भी गति मिलने की उम्मीद है।

सरकारी परियोजना दस्तावेज के मुताबिक, कच्ची दरगाह-बिदुपुर परियोजना की कुल लंबाई 19.76 किलोमीटर है, जिसमें गंगा पर बना मुख्य पुल 9.76 किलोमीटर लंबा है। परियोजना की स्वीकृत लागत 4,988.40 करोड़ रुपये है।

सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर बताया कि राज्य सरकार ने पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ किया है। इस ऐलान के साथ बिहार की राजनीति में भी इस नामकरण की चर्चा तेज हो गई है। यह फैसला ऐसे समय में हुआ है जब राज्य में एनडीए की सरकार है और नीतीश कुमार लंबे समय से बिहार की राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे हैं।

प्रधानमंत्री के राजापाकर कार्यक्रम में ‘नीतीश सेतु’ के अलावा बिहार से जुड़ी अन्य जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। राज्य सरकार इस दौरे को बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *