कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के बाद अब उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान इस आत्मकथा पर तेलुगु फीचर फिल्म बनाने का ऐलान किया। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से फिल्म के निर्माण के लिए सहयोग करने की अपील की है।
Knews Desk – सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ हाल ही में सामने आई है। किताब में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, परिवार और राजनीतिक सफर से जुड़े कई पहलुओं का जिक्र किया है। इसी बीच तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने किताब को तेलुगु फीचर फिल्म के रूप में पर्दे पर उतारने की घोषणा की है।
फिल्म के लिए दो करोड़ रुपये देने का ऐलान
संगारेड्डी में हुई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकंति अंजनेयुलु ने फिल्म के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। जग्गा रेड्डी ने फिल्म के निर्माण के लिए 50 सदस्यों की एक समिति बनाने का सुझाव दिया है।
उनके मुताबिक, इस समिति की देखरेख गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे। जग्गा रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से फिल्म के लिए बजट जुटाने और एक अच्छे निर्देशक का चयन करने की अपील की।
जग्गा रेड्डी ने कहा कि फिल्म की तैयारी पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को शूटिंग शुरू करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
फिल्म के निर्माण के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से योगदान देने की अपील की गई है। हालांकि, फिल्म की कास्ट, निर्देशक और शूटिंग की आधिकारिक तारीख की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सोनिया गांधी की जिंदगी के किन पहलुओं पर होगी फिल्म?
जग्गा रेड्डी के मुताबिक, प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी की जिंदगी के अलग-अलग दौर को दिखाया जाएगा। इसमें उन्हें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी की मां के रूप में दर्शाने की बात कही गई है।
फिल्म में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं के बाद परिवार पर आए दुख, सोनिया गांधी की मुश्किलों, बच्चों की परवरिश और उनके राजनीतिक सफर को भी शामिल किया जाएगा।
जग्गा रेड्डी ने कहा कि सोनिया गांधी ने भारत जैसे विविधता वाले देश में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके अनुसार, सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद के प्रति कोई आकर्षण नहीं दिखाया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की हत्या के बाद और बाद में यूपीए सरकार बनने के दौरान जब नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा जताई, तब उन्होंने इस पद को स्वीकार नहीं किया और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनने का मौका दिया।
जग्गा रेड्डी के अनुसार, मनरेगा जैसी योजनाओं में भी सोनिया गांधी के विचारों का योगदान रहा। प्रस्तावित फिल्म में उनके जीवन और राजनीतिक यात्रा के इन पहलुओं को भी जगह मिलने की बात कही गई है।