यूपी में ओवरस्पीडिंग पर बड़ा एक्शन, दो दिन में 6,777 चालान और 1.38 करोड़ का जुर्माना

उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने ‘ऑपरेशन सेफ स्पीड’ के तहत सख्त कार्रवाई की है। 26 और 28 अक्टूबर को चलाए गए अभियान में 6,777 चालान किए गए और 1 करोड़ 38 लाख 32 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। सबसे ज्यादा चालान यमुना एक्सप्रेस-वे पर किए गए।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से ओवरस्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी राजीव कृष्ण की पहल पर यातायात निदेशालय के माध्यम से संचालित ‘ऑपरेशन सेफ स्पीड’ के तहत प्रदेश के विभिन्न एक्सप्रेस-वे और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की गई। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात ए. सतीश गणेश के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी की गई।

अभियान के दौरान यमुना एक्सप्रेस-वे पर सबसे ज्यादा 3,116 चालान किए गए और 66 लाख 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर 1,289 चालान के साथ 24 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना दर्ज किया गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर 537 चालान और 11 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। गंगा एक्सप्रेस-वे पर 553 चालान के साथ 9 लाख 40 हजार रुपये, जबकि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर 497 चालान के साथ 9 लाख 94 हजार रुपये का जुर्माना दर्ज किया गया।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 348 चालान और 6 लाख 96 हजार रुपये, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर 214 चालान और 4 लाख 28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर 103 चालान और 2 लाख 28 हजार रुपये, गोरखपुर-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे पर 90 चालान और 1 लाख 88 हजार रुपये, जबकि कानपुर-वाराणसी हाईवे पर 30 चालान के साथ 60 हजार रुपये का जुर्माना दर्ज किया गया।

यातायात निदेशालय के मुताबिक, तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख जोखिम कारक है। अभियान के जरिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को गति सीमा का पालन करने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *