जमीन के नीचे ड्रम में छिपाए थे 500-500 के नोट की करोड़ों नकदी , प्रयागराज में पुलिस की जांच तेज

प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र में ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलने के बाद पुलिस ने मकान सील कर दिया है। अब आयकर विभाग की टीम के आने का इंतजार है। पुलिस छिपाई गई नकदी और आभूषणों का पता लगाने के लिए दोबारा तलाशी की तैयारी कर रही है।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगापार के नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामनगर में ड्रमों में करोड़ों रुपये मिलने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की जांच जारी है। बुधवार रात बरामदगी के बाद संबंधित मकान को सील कर दिया गया है। अब आयकर विभाग की टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद मकान की दोबारा तलाशी ली जाएगी। सर्च ऑपरेशन के दौरान संभावित स्थानों पर छिपाई गई नकदी और आभूषणों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।

इस मामले में पकड़े गए राजेश उर्फ बबलू, उसके भाई राकेश यादव और अन्य लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक घटना के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। पूछताछ के दौरान आरोपित लगातार गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में उनसे विस्तार से जानकारी जुटाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि करीब दो-दो फीट आकार के प्लास्टिक के ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां छिपाकर रखी गई थीं। नोटों को जमीन के नीचे भी छिपाया गया था। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि बबलू और उसके भाई ने मुंबई से बड़ी रकम गायब करने के बाद उसे अपने घर में छिपाया हो। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि कुछ दिन पहले बबलू का मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी की और ड्रमों में रखी बड़ी रकम का पता चला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *