‘रामायण’ की तारीफ सुन गदगद हुए अनुपम खेर, बोले- ‘मन गर्व से भर जाता है’

रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ के लॉस एंजेलिस में हुए वर्ल्ड प्रीमियर के बाद इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म को मिल रही शुरुआती प्रतिक्रियाओं पर अनुपम खेर ने खुशी जताई है। वह फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दे रहे हैं।

Knews Desk – रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और सनी देओल की मल्टीस्टारर फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजेलिस में वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित किया गया। इसके बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने इसकी तारीफ की है। अभिनेता अनुपम खेर ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर फिल्म को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर खुशी जताई है। अनुपम खेर इस फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दे रहे हैं।

अनुपम खेर फिलहाल स्वीडन के स्टॉकहोम में हैं। वहीं से उन्होंने वीडियो शेयर कर ‘रामायण’ को मिल रही तारीफों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “लॉस एंजेलिस से रामायण को लेकर आ रही शुरुआती प्रतिक्रियाएं मन को बहुत खुशी और गर्व से भर रही हैं। हमारी इस महान कथा को दुनियाभर के दर्शकों तक इतने बड़े पैमाने पर पहुंचते देखना एक अद्भुत एहसास है। और इस यात्रा में जटायु की आवाज बनना मेरे लिए खास है। 5 नवंबर को स्टॉकहोम में फिल्म देखने का बेसब्री से इंतजार है।”

वीडियो में अनुपम खेर ने कहा कि लॉस एंजेलिस में फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। लोग फिल्म की भव्यता, विजुअल्स और भगवान राम की कथा के प्रति इसके भाव की चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर गर्व महसूस होता है कि भारत की महान कथा को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर दुनिया की भव्य फिल्मों के बराबर पैमाने पर प्रस्तुत किया जा रहा है।

अनुपम खेर ने फिल्म की निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान के साथ जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों और विशेषज्ञों की मेहनत की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को बनाने में अनगिनत लोगों की मेहनत और प्रतिभा लगी होगी।

जटायु के किरदार को अपनी आवाज देने को लेकर अनुपम खेर ने खास खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भगवान राम की कथा, उनके व्यक्तित्व और आदर्शों का दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में जटायु से जुड़े एक शानदार पक्षी वाले दृश्य की चर्चा हो रही है और उस किरदार में उनकी आवाज है।

अनुपम खेर ने फिल्म के निर्माताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि भारतीय कहानी, भारतीय सिनेमा और भारतीय प्रतिभा को इतने बड़े स्तर पर दुनिया के सामने आते देखना संतोष की बात है। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने और भारतीय सिनेमा के साथ भगवान राम के आदर्शों को समझने की अपील की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा, “रामचंद्र जी की जय हो, भारतीय सिनेमा की जय हो। सियावर रामचंद्र की जय, जय श्री राम।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *