आयुष्मान सेठी ने अपने खास प्रपोजल का वीडियो यूट्यूब पर शेयर किया है। समीक्षा ने भी इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट कर प्यार भरा संदेश लिखा। दोनों पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब शादी की तैयारी में हैं।
Knews Desk – अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी के छोटे बेटे आयुष्मान सेठी अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। आयुष्मान ने अपनी गर्लफ्रेंड समीक्षा को खास अंदाज में प्रपोज किया और उनसे जिंदगीभर साथ रहने की बात कही। उन्होंने इस खूबसूरत पल का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। वहीं, समीक्षा ने भी इंस्टाग्राम पर प्रपोजल की तस्वीरें पोस्ट की हैं।

समीक्षा ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, “दुनिया में कितनी ही जगहें हैं और हम न जाने कितनी अलग-अलग जिंदगी जी सकते थे, लेकिन किसी तरह हम एक-दूसरे से मिल गए। हम हर बार एक-दूसरे को ही चुनेंगे। जिंदगी के हर जन्म में यूं ही साथ रहने के नाम।”

आयुष्मान ने अपने व्लॉग में बताया कि उन्होंने समीक्षा को प्रपोज करने की पूरी तैयारी पहले से कर रखी थी, लेकिन इस खास पल को लेकर वह काफी नर्वस थे। उन्होंने सगाई की अंगूठी अपने बैग में छिपाकर रखी थी। इसके बाद उन्होंने रील बनाने के बहाने ट्राइपॉड लगाया और घुटनों के बल बैठकर समीक्षा को फूल दिए। फिर उन्होंने अपने दिल की बात कहते हुए बताया कि समीक्षा ने प्यार और शादी को लेकर उनकी सोच बदल दी है।

समीक्षा को प्रपोज करते हुए आयुष्मान ने बताया कि एक समय उन्हें लगता था कि उनकी जिंदगी में कभी ऐसा प्यार नहीं आएगा, जिसके साथ वह पूरी जिंदगी बिता सकें। उन्हें हमेशा लगता था कि उनकी प्रेम कहानी का अंत शायद खुशियों से भरा नहीं होगा। लेकिन समीक्षा के आने के बाद उनकी सोच बदल गई।

आयुष्मान सेठी, अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी के छोटे बेटे हैं। उनके बड़े भाई आर्यमान सेठी की सगाई अभिनेत्री योगिता बिहानी से हुई है। वहीं, आयुष्मान और समीक्षा पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। अब दोनों अपने रिश्ते को अगले पड़ाव पर ले जाने और शादी के बंधन में बंधने की तैयारी कर रहे हैं।
