दिल्ली में 1 नवंबर की प्रस्तावित रैली टालने की व्यापारियों की अपील के बीच राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की है।
Knews Desk– दिल्ली में राहुल गांधी की 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने दीपावली सहित प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर राहुल गांधी और रैली के आयोजकों से कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए कहिए, आंदोलन 30 सेकंड में रुक जाएगा।
त्योहारों के दौरान दिल्ली के थोक बाजारों में कारोबार बढ़ जाता है। ऐसे में रैली के कारण यातायात बाधित होने और सुरक्षा व्यवस्था के चलते बाजारों तक पहुंच प्रभावित होने की आशंका है। व्यापारियों का कहना है कि इससे उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। परमजीत सिंह पम्मा ने व्यापार और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए रैली की तारीख पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
पम्मा के मुताबिक, सदर बाजार, चांदनी चौक, खारी बावली, फतेहपुरी और आजाद मार्केट जैसे प्रमुख बाजारों में त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और दूसरे राज्यों से खरीदार पहुंचते हैं। इस समय गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान, कपड़े, क्रॉकरी और अन्य वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है। ट्रैफिक डायवर्जन, रास्तों में बदलाव और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण ग्राहकों को बाजार पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इसका असर दुकानदारों, कर्मचारियों, मजदूरों और ट्रांसपोर्टरों की आजीविका पर भी पड़ सकता है।
व्यापारियों ने जाम, पार्किंग और माल की आवाजाही से जुड़ी समस्याओं का हवाला देते हुए रैली की तारीख पर पुनर्विचार की अपील की है। इस बीच राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दिल्ली के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनकी बात सुन रहे हैं। उन्होंने मेट्रो बंद होने, सड़कों को सील किए जाने और राजधानी में आवाजाही प्रभावित होने के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वोट सुरक्षित नहीं है, तो दुकान, बचत और बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं रह सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की और दावा किया कि ऐसा होने पर आंदोलन 30 सेकंड में रुक जाएगा।