सीता के किरदार में खुद को ढालने के लिए साई पल्लवी ने अपनाया अलग रास्ता, बोलीं- इस बार कुछ सीखना चाहती थी

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंची ‘रामायण’ की स्टारकास्ट, साई पल्लवी ने बताया कि माता सीता की भूमिका निभाते समय उन्होंने अपने अभिनय से ज्यादा इस किरदार से मिलने वाली सीख पर ध्यान दिया।

Knews Desk – नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म में माता सीता की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी ने अपने किरदार की तैयारी को लेकर दिलचस्प बात साझा की है। वह रणबीर कपूर और रवि दुबे के साथ अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में पहुंचीं। यहां बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सीता का किरदार निभाते समय उन्होंने इसे अपने अंदाज में नया रूप देने के बजाय इससे सीखने की कोशिश की।

सीता का किरदार निभाते समय क्या सोच रही थीं साई पल्लवी?

शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने कलाकारों से पूछा कि जब उन्हें फिल्म में अपने-अपने किरदार निभाने का प्रस्ताव मिला, तो उनके मन में क्या विचार आए। इस पर साई पल्लवी ने बताया कि आमतौर पर किसी किरदार को निभाते समय वह सोचती हैं कि उसमें क्या नया जोड़ा जा सकता है, लेकिन माता सीता की भूमिका के लिए उनका नजरिया अलग था।

साई पल्लवी के मुताबिक, इस बार वह ज्यादा दिमाग नहीं लगाना चाहती थीं। वह यह समझना चाहती थीं कि इस किरदार से उन्हें क्या सीखने और जानने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस पूरी प्रक्रिया को सहज और साफ रखना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने माता सीता से प्रार्थना की और फिर इस भूमिका को निभाने की दिशा में आगे बढ़ीं।

अमिताभ बच्चन ने सुनाया दिवाली का मजेदार किस्सा

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के दिवाली स्पेशल एपिसोड के प्रोमो में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे की शानदार एंट्री भी दिखाई गई। इस दौरान डांसर्स ने ‘जय श्री राम’ के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।

बातचीत के दौरान रणबीर कपूर ने अमिताभ बच्चन से बचपन में दिवाली मनाने से जुड़ी याद साझा करने को कहा। इस पर अमिताभ ने मजाकिया अंदाज में बताया कि बचपन में उन्हें याद है कि पड़ोसी के यहां अगर पटाखा ज्यादा तेज फूटता था, तो उनका पटाखा उससे भी तेज फूटना चाहिए। उनकी यह बात सुनकर फिल्म की स्टारकास्ट हंसने लगी और तालियां बजाने लगी।

कब प्रसारित होगा दिवाली स्पेशल एपिसोड?

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का दिवाली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनीलिव पर प्रसारित होगा। इस एपिसोड में ‘रामायण’ की स्टारकास्ट अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत करती नजर आएगी।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। वहीं, सनी देओल हनुमान, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नजर आएंगी।

फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *