Knews Desk –लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए वोट फिक्सिंग की जा रही है और बीजेपी बड़े पैमाने पर वोट चोरी की तैयारी कर रही है। अखिलेश ने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और बूथ स्तर पर बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी को मतदाता सूची की जानकारी जुटाने के दौरान एक ही नाम की कई जिलों में एंट्री होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि दो नामों के आधार पर ही 2,441 एंट्री मिली हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी मतदाता का नाम छूटे नहीं और किसी का डबल या ट्रिपल वोट न बने। उन्होंने तकनीक के जरिए ऐसी गलतियों को सुधारने पर जोर दिया।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी पंचायत चुनाव नहीं कराना चाहती थी, क्योंकि ग्राम प्रधानों को अपने गांव के मतदाताओं की जानकारी होती है। उन्होंने कहा कि वोटर आईडी को आधार से जोड़ने और बूथों पर बायोमेट्रिक उपकरण लगाने से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ सकती है।
अखिलेश ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी बीजेपी से सवाल किया और पूछा कि जिन घुसपैठियों की बात की जा रही है, उनकी सूची कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय यह मुद्दा उठाया जाता है। चीन सीमा पर तनाव और आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने योगी सरकार की आलोचना की। साथ ही, पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से PDA की लड़ाई मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं के आने से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का दायरा बढ़ेगा।