होटल के कमरे में कदम रखते ही गिरी मुस्कान, CCTV में कैद हुई मौत से पहले की घटना

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के महज तीन महीने बाद 28 वर्षीय मुस्कान सिदौलिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुस्कान रेलवे में जूनियर इंजीनियर (JE) की परीक्षा देने के लिए अपने मायके आई थी। उसके पिता ने पति नीलेश पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। होटल के CCTV फुटेज में मुस्कान कमरे में प्रवेश करने के करीब पांच सेकंड बाद गिरती दिखाई दे रही है।

मुस्कान के पिता रामजीलाल अहिरवार के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी 29 जून 2026 को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश से हुई थी। पिता का आरोप है कि शादी से पहले नीलेश की पहली शादी की बात छिपाई गई थी। बाद में मुस्कान को पता चला कि उसकी पहली पत्नी इंदौर में रहती है। आरोप है कि इसके बाद नीलेश पहली पत्नी की तारीफ करके मुस्कान को ताने देता था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था।

मुस्कान की 28 अक्टूबर को रेलवे में जूनियर इंजीनियर की परीक्षा होनी थी। इसके लिए उसके पिता 10 अक्टूबर को उसे ससुराल से झांसी लेकर आए थे। पिता के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात नीलेश झांसी पहुंचा और मुस्कान को अपनी मौसी के घर ले जाने की बात कहकर साथ ले गया।

अगली सुबह परिवार ने मुस्कान से संपर्क करने की कोशिश की तो नीलेश ने पहले रुद्र होटल में होने और फिर अस्पताल में होने की जानकारी दी। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो मुस्कान की मौत हो चुकी थी।

पिता का दावा है कि मुस्कान के सिर पर चोट के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि उसके साथ मारपीट की गई और सिर दीवार से टकराया गया। वहीं, पुलिस के मुताबिक, नीलेश ने बताया कि मुस्कान होटल के कमरे में अचानक गिर गई थी। CCTV में वह कमरे में प्रवेश करने के कुछ सेकंड बाद गिरती दिख रही है। होटल कर्मचारियों की मदद से उसे ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया था।

एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, दंपति ऋषभ होटल के कमरा नंबर 212 में रुके थे। पुलिस CCTV फुटेज और परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *