टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अनूप जलोटा ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सलमान खान को बिश्नोई समुदाय से माफी मांगकर इस दुश्मनी को खत्म करने की पहल करनी चाहिए।
Knews Desk – बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर घायल हो गए। घटना के बाद से ही बॉलीवुड गलियारों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। यह घटना उस वक्त हुई, जब टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित एक ग्राउंड से फुटबॉल खेलकर अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। तभी बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वहीं, अनूप जलोटा ने टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को आगे रोकने के लिए सलमान खान को बिश्नोई समुदाय से माफी मांग लेनी चाहिए।
हाल ही में अनूप जलोटा ने इस मामले को लेकर IANS को इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि काले हिरण के शिकार से जुड़े विवाद की वजह से बिश्नोई समुदाय आहत हुआ है। अनूप जलोटा के मुताबिक, सलमान खान का माफी मांगना ही इस चल रही दुश्मनी को खत्म करने का एकमात्र तरीका है। उन्होंने कहा, “मैं इससे बहुत दुखी हूं। इस सबको रोकने का बस एक ही रास्ता है। सलमान खान को बिश्नोई समुदाय से माफी मांग लेनी चाहिए।”
अनूप जलोटा ने कहा कि वह पहले भी इस मुद्दे पर अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बिश्नोई समुदाय को जो गहरी चोट पहुंची है, उस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैंने यह बात पहले भी कही है। यह बहुत जरूरी है कि बिश्नोई समुदाय, जिसे ठेस पहुंची है, उससे माफी मांगी जाए, वरना बिश्नोई समुदाय को आगे भी दुख पहुंचता रहेगा। जो लोग सलमान खान के साथ काम करते हैं, उन्हें भी दुख पहुंचेगा और उनके परिवारों को भी तकलीफ होगी।”
अनूप जलोटा ने आखिर में कहा कि सलमान खान को इस मामले को सुलझाने के लिए एक पक्का फैसला लेना चाहिए। उन्होंने कहा, “तो, क्यों न इस सब को खत्म करने के लिए बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने का एक पक्का फैसला लिया जाए? मैं बस यही चाहता हूं।”