IAS की नौकरी छोड़ी, अब सियासत में एंट्री करेंगी दिव्या मित्तल, वीडियो में बताया प्लान

Knews Desk– उत्तर प्रदेश की चर्चित पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने आखिरकार अपने अगले कदम का खुलासा कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच उन्होंने वीडियो जारी कर साफ कर दिया कि वह राजनीति में प्रवेश करने जा रही हैं। हालांकि, उनकी राजनीतिक यात्रा किसी पार्टी के साथ नहीं होगी। दिव्या मित्तल ने स्वतंत्र रूप से राजनीति में आने की बात कही है और उत्तर प्रदेश को अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत का केंद्र बताया है।दिव्या मित्तल के इस ऐलान के साथ ही उन तमाम चर्चाओं पर भी विराम लग गया है, जो उनके IAS पद से इस्तीफा देने के बाद से लगातार चल रही थीं। सोशल मीडिया पर उनके अगले कदम को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही थीं। किसी की नजर में वह दोबारा विदेश में नौकरी कर सकती थीं, तो किसी ने उनके कोचिंग के क्षेत्र में जाने की संभावना जताई थी। वहीं, सबसे ज्यादा चर्चा उनके राजनीति में आने को लेकर थी।दरअसल, दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को IAS सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उन्होंने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद यह फैसला लिया था। उस समय उन्होंने अपने फैसले के पीछे निजी और पारिवारिक कारणों का जिक्र किया था। उनका इस्तीफा 15 सितंबर से प्रभावी हुआ। इसके बाद से ही उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे कि अब वह आगे क्या करेंगी।

दिव्या मित्तल ने अपने इस्तीफे के समय यह स्पष्ट किया था कि उनका फैसला किसी अचानक हुई घटना या किसी एक विशेष वजह का परिणाम नहीं था। उन्होंने इसे सोच-समझकर लिया गया निर्णय बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि IAS की नौकरी उनके जीवन का सिर्फ एक अध्याय है, पूरी जिंदगी नहीं। उस समय उन्होंने लेखन, पढ़ाने और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में आगे काम करने की संभावनाओं का भी संकेत दिया था। इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर चर्चा और तेज तब हुई, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने भविष्य के संभावित विकल्पों का जिक्र किया। उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने, विदेश में नौकरी करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने या कोचिंग से जुड़ने और राजनीति में जाने जैसी संभावनाओं का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि 29 सितंबर की सुबह वह खुद अपने भविष्य की योजना के बारे में बताएंगी।इसके बाद 29 सितंबर की सुबह उन्होंने अपना वीडियो जारी किया और राजनीति में प्रवेश करने का ऐलान कर दिया। उनके मुताबिक, वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जाएंगी। यानी फिलहाल उनकी राजनीतिक यात्रा स्वतंत्र मंच से शुरू होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी कर्मभूमि बताते हुए यहीं से अपनी नई यात्रा शुरू करने की बात कही है।

दिव्या मित्तल का प्रशासनिक करियर भी चर्चा में रहा है। वह 2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी थीं। करीब 13 साल के अपने कार्यकाल में उन्होंने अलग-अलग प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं। वह देवरिया, मिर्जापुर और संत कबीर नगर समेत कई जिलों में जिलाधिकारी के पद पर भी तैनात रहीं। इस्तीफा देने के समय वह उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। दिव्या मित्तल का शैक्षणिक और पेशेवर सफर भी खास रहा है। उन्होंने IIT और IIM से पढ़ाई की और इसके बाद UPSC परीक्षा पास कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। IAS बनने से पहले उन्होंने विदेश में भी नौकरी की थी। प्रशासनिक सेवा के दौरान उनके काम और सोशल मीडिया पर सक्रियता के कारण उनकी अच्छी खासी पहचान बनी। उनके इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर लोगों की दिलचस्पी इसी वजह से भी बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *