‘वानर सेना में चश्मा कैसे?’ अंजलि अरोड़ा की ‘रामायण’ का पोस्टर देख यूजर्स ने उड़ाया मजाक

अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म के एक पोस्टर में वानर सेना के बीच एक शख्स चश्मा लगाए नजर आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर मीम्स बनाए।

Knews Desk – सोशल मीडिया स्टार और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा की फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ अपने ऐलान के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर शुरुआत से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। अब फिल्म के एक पोस्टर को लेकर मेकर्स ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं।

दरअसल, फिल्म के एक पोस्टर में सुग्रीव के पीछे वानर सेना में मौजूद एक शख्स चश्मा लगाए नजर आ रहा है। पोस्टर की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और यूजर्स इस पर अलग-अलग तरह के मीम्स और कमेंट कर रहे हैं।

फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद भी इसके विजुअल इफेक्ट्स को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। वहीं, माता सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर भी कुछ लोगों ने सवाल उठाए थे। अब वानर सेना वाले पोस्टर ने फिल्म को लेकर चल रही चर्चा को और बढ़ा दिया है।

वानर सेना में चश्मा देख यूजर्स ने बनाए मीम्स

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में वानर सेना के बीच एक कलाकार चश्मा पहने नजर आ रहा है। इसे देखकर कुछ यूजर्स ने फिल्म के मेकर्स का मजाक उड़ाया। एक यूजर ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “त्रेता युग में भी चश्मा लगाते थे।”

एक अन्य यूजर ने लिखा, “क्यों नहीं बे, त्रेता युग में लोगों की आंखें नहीं होती थीं क्या?” वहीं एक यूजर ने लिखा, “इनमें से कोई भी वानर नहीं लग रहा है।”

एक अन्य यूजर ने फिल्म की टाइमलाइन को लेकर मजाक करते हुए लिखा, “ये कैसी वानर सेना है? इवोल्यूशन कुछ ज्यादा ही जल्दी हो गया।” वहीं एक यूजर ने कमेंट किया, “रे बेन मेटा का रिकॉर्डिंग वाला होगा।”

एक यूजर ने तो फिल्म को लेकर ही सवाल खड़ा कर दिया और लिखा, “मैं सोच रहा हूं कि उन्होंने ये फिल्म बनाई ही क्यों?”

आधिकारिक पेज से गायब हुआ पोस्टर

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह तस्वीर अब मेकर्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर दिखाई नहीं दे रही है। महोबिया फिल्म प्रोडक्शन के इंस्टाग्राम पेज पर तीन दिन पहले फिल्म के अलग-अलग किरदारों को रिवील किया गया था।

इसमें दशरथ, विश्वामित्र, कैकेयी, मंथरा, परशुराम, विभीषण और सूर्पणखा समेत रामायण के कई अहम किरदार शामिल थे। हालांकि, इस लिस्ट में सुग्रीव वाला वह पोस्टर शामिल नहीं है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।

फिलहाल इस पोस्टर को लेकर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है। वहीं फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *