LPU कैंपस में अफवाह के बाद बवाल, छात्रों ने की तोड़फोड़ और आगजनी; पुलिस बोली- दुष्कर्म या आत्महत्या का सबूत नहीं

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रा से गैंगरेप या आत्महत्या की अफवाह के बाद शनिवार को भारी हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया और कैंपस में तोड़फोड़ के साथ कुछ हिस्सों में आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, अब तक इन दावों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत या शिकायत सामने नहीं आई है।

Knews Desk-पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के फगवाड़ा कैंपस में शनिवार, 26 सितंबर 2026 को अफवाह के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म या उसके आत्महत्या करने की खबरें फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन के लिए जुट गए। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। कैंपस की कुछ इमारतों के हिस्सों में आग लगाने की भी बात सामने आई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2,000 छात्राएं गर्ल्स हॉस्टल के पास जमा हुईं और मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे को भी ब्लॉक कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। कैंपस में छात्रों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े और ईंट-पत्थर व गमले फेंके। इस दौरान यूनिवर्सिटी की कुछ संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा।

प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। छात्रों के बीच फैली अफवाह को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। SSP गौरव तोरा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और छात्रों तथा यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से प्रशासन के सामने कई मुद्दे उठाए गए हैं, जिन पर बैठक के जरिए चर्चा की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, अब तक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म या उसके आत्महत्या करने के दावे को साबित करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत भी प्राप्त नहीं हुई है। SSP गौरव तोरा ने बताया कि कुछ छात्र आत्महत्या का दावा कर रहे थे, जबकि कुछ छात्रों की ओर से दुष्कर्म की बात कही जा रही थी। इन दावों के चलते यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ छात्रों में असंतोष बढ़ गया।

SSP ने यह भी बताया कि प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया गया और छात्रों ने नेशनल हाईवे को भी घेर लिया था। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों की जांच कर रही है।

इस बीच LPU प्रशासन की ओर से भी बयान जारी किया गया। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह की हिंसक या उपद्रवी गतिविधि में शामिल नहीं होने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि कैंपस में सभी छात्र सुरक्षित हैं और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरें झूठी और भ्रामक हैं। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को अपने हॉस्टल, कमरे या रेजीडेंस में सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *